सीएम योगी ने वाराणसी के जिस सीएचसी को लिया गोद उसका डीएम ने किया निरीक्षण, बोले- 30 जून तक पूरा कराएं निर्माण कार्य
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वाराणसी में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हाथी बाजार को गोद लेंगे। शासन की हरी झंडी के बाद एडिशनल सीएमओ डॉ. एके गुप्ता की ओर से इसका भ्रमण भी किया जा चुका है। बीते दिन जिलाधिकारी कौशलराज शर्मा सीएचसी हाथी बाजार का निरीक्षण करने पहुंचे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
वाराणसी जिले का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हाथीबाजार इन दिनों चर्चा में है। इस केंद्र को जल्द ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोद लेने वाले हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय और शासन की ओर से इस फैसले के बाद अब स्वास्थ्य विभाग तैयारियों में जुट गया है। बीते दिन जिलाधिकारी कौशलराज शर्मा ने सीएम योगी के गोद लिए सीएचसी हाथी बाजार और चोलापुर सीएचसी का निरीक्षण किया।
उन्होंने हाथी बाजार सीएचसी में चल रहे ऑक्सीजन प्लांट निर्माण समेत अन्य सभी कार्यों को 30 जून तक पूरा कराने का निर्देश दिया। चोलापुर सीएचसी में गंदगी देखकर भड़के डीएम ने वहां के प्रभारी को फटकार लगाते हुए दो दिन में सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने का निर्देश दिया। मुख्य विकास अधिकारी मधुसूदन हुल्गी और मुख्य चिकित्सा अधिकारी वीबी सिंह के साथ जिलाधिकारी सेवापुरी विकास खंड के हाथी बाजार स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। इस सीएचसी को मुख्यमंत्री ने गोद लिया है।
डीएम ने कहा कि सीएम की यह पहल एक उदाहरण है। जिले के सभी मंत्रियों और विधायकों को भी एक-एक सीएचसी-पीएचसी गोद लेना चाहिए। स्वास्थ्य केंद्रों को मेडिकल सुविधा से लैस करने के लिए भवन मरम्मत, निर्माण, इलाज के लिए जरूरी उपकरण, जनरेटर आदि का खर्च विधायक अपनी निधि से व्यय करेंगे। डीएम ने सीएचसी पर 30 बेड के नए भवन निर्माण की कार्ययोजना, भवन का नक्शा देखा।
कार्यदायी संस्था राज्य निर्माण सहकारी संघ के अभियंता से बातचीत की। इसके बाद परिसर में ऑक्सीजन प्लांट स्थापित करने के लिए कराए जा रहे कार्य का निरीक्षण किया। सभी निर्माण कार्य 30 जून तक पूरा कराने का निर्देश दिया। अस्पताल के विभिन्न वार्डों, वैक्सीनेशन, मैटर्निटी वार्ड और लैब का भी उन्होंने निरीक्षण किया।
इसके बाद जिलाधिकारी ने चोलापुर सामुदायिक स्वास्थ्य का निरीक्षण किया। वहां की साफ-सफाई और भवन मरम्मत आदि का कोई कार्य नहीं कराया गया था, ना ही कोई कार्ययोजना तैयार की गई थी। जबकि 10 दिन पूर्व इसके लिए निर्देश दिए गए थे।
गंदगी देखकर भड़के डीएम ने प्रभारी को फटकार लगाई और सीएमओ को निर्देशित किया कि वहां के इंचार्ज को लिखित में ड्यूटी लगाएं ताकि वह वहीं रह कर दो दिनों में पूरी सफाई कराएं। तीन दिन बाद पुन: निरीक्षण किया जाएगा। वहीं, हाथी आदर्श तालाब आयुष्मान सेंटर सामुदायिक शौचालय का निरीक्षण के दौरान सामुदायिक शौचालय की संचालिका राधा ने 6 महीने से वेतन नहीं मिलने का शिकायत की।
एक नजर में सीएचसी हाथी बाजार
अस्पतालों की तरह ही अब स्वास्थ्य केंद्रों पर भी लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सके, इसके लिए मुख्यमंत्री ने सभी जनप्रतिनिधियों से एक-एक स्वास्थ्य केंद्र को गोद लेने का आह्वान किया था। अब इस पर अमल शुरू हो गया है। राज्यमंत्री, विधायक, पार्षद तो स्वास्थ्य केंद्रों को गोद लेने में जुट गए हैं, इस बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वाराणसी में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हाथी बाजार को गोद लेंगे। माना जा रहा है कि जल्द ही मुख्यमंत्री यहां आएंगे और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हाथीबाजार जाकर औपचारिकता पूरी करेंगे।
-2001-02 में स्वास्थ्य विभाग को यह भवन जयकरन शर्मा चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से दान में मिला था।
-चिकित्सा अधीक्षक सहित कुल चार चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती है।
-यहां अधीक्षक डॉ. हंसराज बाल रोग विशेषज्ञ के रूप में भी सेवा दे रहे हैं।
-ऑपरेशन थिएटर, पैथालॉजी, लेबर रूम, रेडिएंट वार्मर सहित अन्य उपकरण भी हैं।
-20 बेड इस समय है और 30 बेड का नया वार्ड भी निर्माणाधीन है।
-हर दिन 70 मरीजों की ओपीडी और 50 से 60 प्रसव हर महीने होते हैं।
-स्वास्थ्य केंद्र के पास ही हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर भी है।
एमएलसी लक्ष्मण आचार्य ने गोद ली आनंदमयी पीएचसी
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष और एमएलसी लक्ष्मण आचार्य ने मंगलवार को नगवां स्थित आनंदमयी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को गोद लिया। संगठन के निर्देश पर मंत्री और विधायकों के अस्पतालों को गोद लेने का प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र में श्रीगणेश हो गया। आनंदमयी पीएचसी शिवाला, भदैनी, अस्सी और नगवां के हजारों लोगों को चिकित्सकीय सुविधा मुहैया कराता है। मंगलवार दोपहर एमएलसी ने पार्टी नेताओं के साथ पीएचसी का निरीक्षण किया। कर्मचारियों से जानकारी लेकर किराए के भवन में चल रहे पीएचसी का नया भवन अपनी निधि से बनवाने की घोषणा की। उन्होंने अंदर रखी वाटर आरओ मशीन को मरीजों की सुविधा के लिए मुख्य द्वार के पास लगाने का निर्देश दिया।