यूपी: पतंग लूटने निकले बच्चे को निगल गई मौत, दूसरे दिन मिला शव
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में एक बच्चे की कुएं में गिरकर मौत हो गई। पुलिस ने शव को निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, वहीं आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
जिले के मधुबन थाना क्षेत्र के दुबारी के लक्ष्मीपुर रवि पासवान का 12 वर्षीय लड़का चंचल पासवान सोमवार की शाम को अपने दोस्तों के साथ पतंग उड़ा रहा था। इसी दौरान पतंग की डोर टूट गई। पतंग आसमान में लहराती हुए उड़ने लगी। रवि और उसके दोस्त पतंग पाने के लिए दौड़ने लगे।
पतंग की तलाश में चंचल अपने दोस्तों के साथ घर से लगभग एक किलोमीटर दूर चला गया, उसे साथियों संग कालीचौरा दुबारी के बगल में आम के बगीचे की ओर जाते हुए लोगों ने देखा था। लेकिन इसके बाद उसका पता नहीं चल सका।
चंचल के दोस्त भी इस दौड़ में बिछड़ गए। वे दोनों किशोर भी उसे देख नहीं सके और निराश होकर घर लौट गए। जब देर शाम तक चंचल घर नहीं पहुंचा तो घर के सदस्यों ने गांव में और आसपास चारों तरफ उसकी तलाश की। किशोर का पता न चलने पर परिवार वालों ने मंगलवार की सुबह बाजार की मस्जिद पर लगे लाउडस्पीकर से एनाउंस कराया फिर भी किशोर का कोई सुराग नहीं लगा।
चंचल के परिवार वालों ने उसकी तलाश करते हुए आम के बगीचे की ओर गए। वहां पास में ही स्थित एक कुएं में झांक कर देखा तो चंचल उसमें गिरा हुआ दिख गया, जिसकी मौत हो चुकी थी। किशोर की लाश मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
सूचना के बाद थाना प्रभारी कुमुद शेखर सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने गांव वालों के सहयोग से किशोर के शव को कुएं से बाहर निकलवाया। उन्होंने मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
झाड़ियों से ढका हुआ था कुंआ
जिस कुएं में चंचल गिर गया था। वह झाड़ियों से ढंका हुआ है, बाहर से देखने पर पता ही नहीं चल रहा था कि वहां कुंआं भी है। लोग यह देखकर हैरत में पड़ गए कि चंचल कैसे यहां पहुंच गया होगा।