फेसबुक पर हुई दोस्ती, फोटो वायरल करने की धमकी देकर करने लगा ब्लैकमेल, 50000 मांगने पर कराया मुकदमा
विंध्यवासिनी नगर कॉलोनी की रहने वाली एक महिला को एक युवक से फेसबुक पर दोस्ती करना महंगा पड़ गया। फेसबुक मैसेंजर द्वारा पीड़िता को अश्लील वीडियो व मैसेज भेजने, 50 हजार रुपये की मांग करने, न देने पर सोशल मीडिया पर बदनाम करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में वाराणसी के कैंट थाने में गोंडा निवासी एक व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
महिला के अनुसार 15 दिन पूर्व वह फेसबुक चला रही थी। इसी बीच अतुल कुमार शुक्ल उर्फ दिव्य निवासी करनैलगंज, सदर बाजार, गोंडा से संपर्क हुआ। चैटिंग के क्रम में फोटो का आदान-प्रदान भी हुआ।
आरोप है कि कुछ दिनों बाद अतुल ने उन्हें अश्लील फोटो व वीडियो भेजना शुरू किया। विरोध करने पर वह 50 हजार रुपये की मांग करने लगा और न देने पर उनकी अश्लील फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर बदनाम करने की धमकी दी।
डर के मारे पीड़िता ने 31 अगस्त को 10 हजार रुपये सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया पहड़िया के खाते से उसे भेजे। आरोप है कि आरोपी लगातार बदनाम करने की धमकी देते हुए 50 हजार की मांग कर रहा है।
पीड़िता की तहरीर पर कैंट थाने की पुलिस अतुल के खिलाफ आईटी एक्ट सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हुए मामले की जांच कर रही है।