आए थे भैंस चुराने, पर मालकिन को ही बेहोशी का इंजेक्शन लगा ले भागे
मऊ जिले के हलधरपुर थाना क्षेत्र के समनपुरा गांव में भैंस चोरी करने आए चोर विरोध करने पर मालकिन को ही उठा ले गए। पशु चोरों ने मालकिन को ही बेहोशी का इंजेक्शन लगा दिया था। घटना बुधवार की भोर में लगभग तीन बजे की है। घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चा है।
समनपुरा गांव निवासी एक व्यक्ति के घर पहुंचे चोर दरवाजे पर बंधी भैंस खोलने लगे। इस दौरान आहट पाकर मालकिन जाग गई। उसने विरोध किया तो चोरों ने उसे ही पकड़ लिया और उसका मुंह दबाकर पिकअप पर लादकर भाग निकले। कुछ देर बाद घर के अन्य लोग जाग गए। जानकारी होने पर परिजनों ने महिला की खोजबीन शुरू कर दी। हालांकि थोड़ी देर बाद दो किलोमीटर दूर दूर कूड़वा सत्तर गांव के पास चोर महिला को फेंककर फरार हो गए। पीड़िता के अनुसार पशु खोल पाने में असफल पिकअप सवारों ने उसका मुंह दबाकर वाहन में लाद लिया था और बाद में बेहोशी का इंजेक्शन लगा दिया।
वारदात की जानकारी होने के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर पीआरबी-112 पुलिस पीड़िता को थाने ले आई। पुलिस ने इस दौरान पीड़िता से अपहरण का प्रार्थना पत्र लिया और मेडिकल कराने की बात कही है।
बता दें कि इसी महिला की एक भैंस दो मार्च को चोर चुरा ले गए थे। पशु चोरों ने इस घर को दूसरी बार निशाना बनाने की योजना बनाई थी। उधर गांव में पशु चोरों द्वारा महिला के अपहरण की जानकारी होने के बाद हड़कंप मच गया। पशु चोरों के इस दुस्साहस के बाद से ही गांव के लोगों को अपने पशुओं के साथ ही घर के लोगों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है।