Varanasi: बदमाशों की गोली से घायल व्यवसायी की मौत, पांच दिन से बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में थे भर्ती
सारनाथ क्षेत्र में बीते शुक्रवार सुबह मुकीमगंज निवासी राजकुमार यादव (43) नकाबपोश बाइक सवार दो बदमाशों ने गोली मार दी थी। बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान राजकुमार ने बुधवार दम तोड़ दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में छह दिन से जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे व्यवसायी राजकुमार यादव (43) की सांस बुधवार को टूट गई। वहीं, राजकुमार को गोली मारने वाले दो शूटर सारनाथ थाने की पुलिस के लिए अबूझ पहेली बने हुए हैं। इसके साथ ही केस में नामजद सात आरोपियों पर भी पुलिस शिकंजा नहीं कस सकी है। इससे सारनाथ थाने की पुलिस की कार्यशैली गंभीर सवालों के घेरे में है।
आदमपुर थाना क्षेत्र के मुकीमगंज इलाके में रहने वाले ट्रांसपोर्टर और जमीन की खरीद-बिक्री का काम करने वाले राजकुमार यादव को बीते शुक्रवार को तिलमापुर क्षेत्र में रंगीलदास पोखरा चौराहा के समीप दो नकाबपोश बदमाशों ने तीन गोली मारी थी। पीठ और कनपटी पर गोली लगने से घायल राजकुमार को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर के आईसीयू में भर्ती कराया गया था।
पत्नी और बच्चों की हालत बेसुधों जैसी
उपचार के दौरान बुधवार को राजकुमार की मौत हो गई। राजकुमार को मृत घोषित किए जाते ही उनकी पत्नी ज्योति यादव और चारों बच्चों की हालत बेसुधों जैसी हो गई। परिजन बड़ी ही मुश्किल से उन्हें संभाले हुए थे। उधर, डीसीपी वरुणा जोन अमित कुमार ने बताया कि हत्या के प्रयास का मुकदमा हत्या में तरमीम किया जाएगा। पुलिस की तीन टीमें शूटरों और नामजद आरोपियों की धरपकड़ के प्रयास में लगी हुई हैं।
जेल में बंद छोटे भाई ने रची साजिश
व्यवसायी राजकुमार यादव की हत्या की साजिश गाजीपुर जेल में बंद उनके छोटे भाई और आदमपुर थाने के हिस्ट्रीशीटर विजय यादव ने जमीन विवाद की रंजिश में रची है। इसमें उसका साथ उसके बिजनेस पार्टनर अनिल यादव, दो पत्नियों सोनी यादव व आरती यादव, पिंटू यादव उर्फ आशुतोष, शिवम यादव, रोहित यादव और रविंदर ने दिया। विजय के अलावा सातों नामजद आरोपी कहां हैं, यह अब तक पुलिस पता नहीं लगा सकी है। इसके साथ ही गोली मारने वाले दोनों शूटर भी चिह्नित नहीं किए जा सके हैं।
लगातार दी जा रही थी जान से मारने की धमकी
राजकुमार की पत्नी ज्योति के अनुसार, उनके पति की पुश्तैनी जमीन लेढ़ूपुर में है। इस जमीन पर अवैध तरीके से कब्जा करने के लिए उनका छोटा भाई विजय यादव गाजीपुर जेल से आए दिन फोन कर धमकाता रहता था। विजय यादव का सहयोग उसका पार्टनर सारंग तालाब निवासी प्रॉपर्टी डीलर अनिल यादव करता है।
अनिल यादव ने बीते महीने भी धमकी दी थी। ज्योति ने पुलिस को बताया कि विजय यादव ने ही राजकुमार की हत्या की साजिश रची है। इसमें उसकी दो पत्नियां सोनी यादव व आरती यादव, उसका पार्टनर अनिल यादव, पिंटू यादव उर्फ आशुतोष, शिवम यादव, रोहित यादव और रविंदर ने सहयोग किया है।