वाराणसी: सांड़ ने युवक पर बोला हमला, गर्दन की हड्डी टूटने से गई जान, चार बहनों का इकलौता भाई था मृतक
वाराणसी के रामनगर में सांड़ के हमले से युवक की मौत हो गई। लोगों ने पालिका प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। साथ ही मृतक के परिवार को मुआवजे की मांग की है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
वाराणसी के रामनगर में आतंक का पर्याय बन चुके सांड़ ने रविवार को फिर एक युवक की जान ले ली। इस बार घर का इकलौता चिराग शिकार बना। रविवार की शाम छह बजे रत्तापुर निवासी 26 वर्षीय युवक की सांड़ के हमले से मौत हो गई।
संदीप विश्वकर्मा अपने पिता काशी नरेश विश्वकर्मा के साथ पड़ाव में मोटर मैकेनिक का काम करता था। रविवार की शाम लगभग छह बजे वह सामान खरीद कर चौक से घर जा रहा था। बटाऊबीर से कुछ आगे जाने पर सांड़ ने उस पर हमला बोल दिया। गर्दन की हड्डी टूटने पर मौके पर ही मौत हो गई।
हालांकि आसपास जुटे लोग संदीप को लेकर शास्त्री अस्पताल पहुंचे, चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। संदीप के एक छोटे भाई की एक साल पहले बीमारी से मौत हो गई थी। चार बहनों के बीच वह सबसे बड़ा और इकलौता भाई बचा था।
रामनगर में सांडों का आतंक इस कदर बढ़ गया है कि लगभग हर रोज कहीं न कहीं हादसे होते रहते हैं। जब कोई हादसा होता है तो पालिका प्रशासन पशुओं को पकड़ने का अभियान एक दो दिन चलाता है उसके बाद फिर स्थिति जस की तस बन जाती है।
संदीप की असमय मौत ने फिर से पालिका प्रशासन के रवैये पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं भाजपा के सभासद अशोक जायसवाल, भाजपा के महानगर मंत्री डॉ. अनुपम गुप्ता ने जिला प्रशासन से मृत युवक के परिजनों को मुआवजे कर मांग की। साथ ही घटना के जम्मेदार लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराने की भी मांग की है।