Varanasi: मामा की लड़की से प्यार कर बैठे युवक की बेरहमी से हत्या, सात दिन बाद बोरे में मिला सड़ा गला शव
वाराणसी के कैंट थाना क्षेत्र के भीमनगर निवासी राहुल कुमार (22) नौ अप्रैल से लापता था। उसका शव शनिवार को सरसौल (बलुआ) घाट पर गंगा किनारे बोरे में भरकर फेंका मिला। राहुल की मां ने हत्या का आरोप अपने ही भाइयों पर लगाया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मामा की लड़की से प्यार कर बैठे युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। उसका शव छह दिन बाद गंगा किनारे बोरे में भरकर फेंका मिला। शव सड़ गल चुका था। घटना वाराणसी के एक गांव की है। जिस युवक का शव बरामद हुआ है, उसके अपहरण के आरोप में बीते नौ अप्रैल को चौबेपुर थाने में उसके तीन मामा सहित ननिहाल के छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। युवक की मां के अनुसार, मामा की बेटी से प्रेम-प्रसंग के कारण ननिहाल के लोगों ने उसकी हत्या की है।
नौ अप्रैल से लापता था युवक
कैंट थाना क्षेत्र के भीमनगर निवासी सुभाष राम और सुनीता देवी के दो बेटों और एक बेटी में तीसरे नंबर का राहुल कुमार (22) सिगरा क्षेत्र में सिक्योरिटी गार्ड का काम करता था। राहुल का ननिहाल चौबेपुर क्षेत्र के एक गांव में है। सुनीता के अनुसार राहुल नौ अप्रैल को घर से ड्यूटी पर जाने के लिए निकला लेकिन वापस नहीं लौटा। काफी खोजबीन के बाद राहुल की बाइक जाल्हूपुर क्षेत्र में मिली।
ये भी पढ़ें: आकांक्षा दुबे को समर सिंह ने दिए कितने रुपये, भोजपुरी गायक के बैंक खातों का डिटेल जुटा रही पुलिस
11 अप्रैल को चौबेपुर थाने में सुनीता देवी ने तहरीर दी। राहुल के तीन मामा और तीन ममेरे भाइयों के खिलाफ राहुल के अपहरण के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस राहुल की खोजबीन कर ही रही थी। रविवार को सरसौल (बलुआ) घाट पर गंगा किनारे बोरे में युवक का शव मिलने की सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची।
मामा की बेटी से मोबाइल पर बात करता रहता था राहुल
शव मिलने की सूचना पर राहुल के परिजन भी मौके पर पहुंचे और शिनाख्त की। रोते बिलखते सुनीता देवी ने बताया कि राहुल अपने मामा की बेटी से मोबाइल पर बात करता रहता था। इसी से खार खाकर उन लोगों ने उसकी हत्या करने के बाद शव को बोरे में भर कर गंगा में फेंक दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
बेटे का शव देखने के बाद से सुनीता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की क्षेत्र में चर्चा है। चौबेपुर थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि छह आरोपियों के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज है। दर्ज मुकदमे में हत्या से संबंधित धारा बढ़ा कर आरोपियों की तलाश में पुलिस की दो टीम लगाई गई है।
खेत में मिला युवक का शव
मोहनसराय के पास रविवार को एक खेत से युवक का शव बरामद हुआ। शरीर पर कहीं भी चोट का निशान नहीं था। उसकी शिनाख्त मिल्कीचक निवासी सोहन यादव (42) के तौर पर हुई। वह बाहर से आए ट्रकों को शहर में पहुंचाने का गाइड का काम करता था। सूचना पर रोहनिया थाने के प्रभारी निरीक्षक उपेंद्र सिह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। तीन भाइयों में सबसे छोटा सोहन दो पुत्र और एक पुत्री का पिता था। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण साफ होगा।
बुजुर्ग की हत्या के मामले में पुलिस के हाथ खाली
चौबेपुर थाना क्षेत्र के डुढ़ुंआ गांव में बीते 12 अप्रैल की सुबह 80 वर्षीय बुजुर्ग हरी राम का खून से लथपथ शव उनके बिस्तर पर मिला था। हरी राम के शरीर पर 16 जगह सरिया घोंपा गया था। वारदात के चार दिन बीतने के बाद रविवार को भी चौबेपुर थाने की पुलिस के हाथ खाली थे। हत्यारों को पकड़ना तो दूर की बात है, अभी पुलिस यही नहीं पता लगा सकी है कि वारदात की वजह क्या थी। इस संबंध में पूछे जाने पर चौबेपुर थाना प्रभारी ने कहा कि जांच जारी है। उम्मीद है कि पुलिस जल्द ही किसी ठोस नतीजे पर होगी।