यूपी: जमीन विवाद में रिश्तों की हत्या, बहनोई ने साले को गोली से मारा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गाजीपुर जिले के नंदगंज थाना क्षेत्र के दवोपुर मड़ई गांव में जमीन और मकान के बंटवारे के विवाद में बुधवार को बृजेश यादव ने अपने चचेरे साले अवधेश यादव की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद बहनोई और उसके एक साथी हमलावर को ग्रामीणों ने पकड़ लिया जबकि उनके चार साथी फरार हो गए।
कप्तान डा. ओमप्रकाश सिंह, एसपी सिटी गोपीनाथ सोनी, सीओ सिटी ओजस्वी चावला तथा सीओ भुड़कुड़ा महमूद अली समेत कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई। मामले में छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पिटाई से घायल हमलावरों को वाराणसी के ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है।
दवोपुर मड़ई निवासी अवधेश यादव (40) का अपने सगे चाचा शोभनाथ से करीब दस वर्षों से पैतृक मकान एवं भूमि विवाद कोलेकर रंजिश चल रही थी। सुबह करीब नौ बजे अवधेश का पुत्र अभिषेक उर्फ गोलू अपने घर के सामने खड़ा था। इसी बीच करंडा थाने के नारी पचदेवरा गांव निवासी और उसके चचेरे फूफा बृजेश यादव और पंचदेवरा का ही किशन यादव स्कार्पियो से वहां पहुंचे।
उसी समय गांव के चार अन्य लोग हरेराम यादव, हरेकृष्ण यादव, हरिशंकर और केशव यादव भी आ गए और अभिषेक को गाली देते हुए उसे मारनेे लगे। बीच बचाव करने पहुंची मां रेनू यादव को भी हमलावरों ने पीटकर घायल कर दिया। शोर सुनकर अवधेश यादव भी आ पहुंचे और बीच-बचाव करने लगे। तभी बृजेश यादव ने पिस्टल निकालकर अपने चचेरे साले अवधेश को गोली मार दी।
जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़े। गोली की आवाज सुनकर ग्रामीणों ने बृजेश और किशन को घेर लिया और दोनों की जमकर धुनाई कर दी। उधर, मौका देख अन्य चारों हमलावर भाग निकले। बाद में काफी मशक्कत के बाद पुलिस दोनों आरोपियों को कब्जे में ले पाई। मौके पर पहुंचे एसपी डा. ओमप्रकाश सिंह ने परिजनों और ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली और मातहतों को दिशा-निर्देश दिए।
पट्टीदार के ससुराल वालों ने वारदात को अंजाम दिया है। ग्रामीणों ने दो मुख्य आरोपियों को पकड़कर पुलिस को सुपुर्द कर दिया है। पुलिस टीम अन्य की तलाश में जुटी हुई है। मृतक के पुत्र की तहरीर पर छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
डा. ओपी सिंह, पुलिस अधीक्षक