सोनभद्र में हादसा: अनियंत्रित होकर पलटी बोलेरो, दो की मौत, तीन घायल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सोनभद्र जिले के चोपन थाना क्षेत्र के बग्घानाला के पास शुक्रवार की रात करीब दो बजे बोलेरो अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। इस दुर्घटना में बोलेरो सवार सोनू(22) और दीपक(26) की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी होने पर मौके पर पहुंचे डाला चौकी इंचार्ज ने घायलों को सीएचसी चोपन भेज दिया। यहां से सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, रात करीब दो बजे बग्घानाला के समीप वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर रेणुकूट की तरफ से चोपन की ओर जा रही एक बोलेरो किसी वाहन से बचने की चक्कर में बेकाबू होकर डिवाइडर से टकराते हुए पलट गई। दुर्घटना में बोलेरो चालक समेत घायल पांच लोगों ने मदद की गुहार लगाई।
रास्ते से गुजर रहे एक वाहन के चालक ने घटना की सूचना पुलिस को दी। इस संबंध में डाला चौकी इंचार्ज एसके सोनकर वाहन में फंसे घायलों को निकाल कर उन्हें सीएचसी ले गए। लेकिन रास्ते में दो घायलों की मौत हो गई।
चौकी इंचार्ज ने बताया कि हादसे में ओबरा के सेक्टर दो निवासी सोनू एवं प्रयागराज जिले के मांडा थाना क्षेत्र के सिसेनतुल्लापुर निवासी दीपक द्विवेदी की मौत हो गई। जबकि ओबरा निवासी सुजीत(27), राजेश(26) और मनदीप सिंह(24) घायल हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही मृतकों और घायलों के परिजन अस्पताल पहुंच गए। जिला अस्पताल में घायलों का उपचार चल रहा है। उन्होंने बताया कि शनिवार को जिला अस्पताल में शवों का पोस्टमार्टम करवा कर घरवालों को सुपुर्द कर दिया। मृतकों व घायलों के घरवालों की तरफ से कोई तहरीर नहीं दी गई है।