वाराणसी में ब्लैक फंगसः बीएचयू अस्पताल में चार नए मामले, दो और मरीजों की मौत, 131 का इलाज जारी
वाराणसी में बढ़ते ब्लैक फंगस के केस व इससे हो रही मौत के मामले नियंत्रित नहीं हो रहे। बीएचयू अस्पताल में बीते 24 घंटे में चार नए मरीज मिले हैं जबकि पहले से भर्ती दो मरीजों की मौत हुई है।
विस्तार
वाराणसी में ब्लैक फंगस के मरीजों की संख्या बढ़ने के साथ ही मौत का ग्राफ भी बढ़ता जा रहा है। बीएचयू अस्पताल में पिछले 24 घंटे में चार नए मरीज मिले हैं जबकि पहले से भर्ती दो मरीजों की मौत हुई है। एक मरीज को डिस्चार्ज किया गया है। अब कुल 199 मरीजों में से 54 की मौत, 14 के डिस्चार्ज के बाद 131 का इलाज चल रहा है।
ब्लैक फंगस के मरीजों की संख्या बढ़ने और 23 जून से ओपीडी खोलने के फैसले के बाद अब मरीजों को सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक (एसएसबी) में शिफ्ट कर दिया गया है। दूसरे और चौथे तल पर उनका इलाज चल रहा है। एमएस प्रो. केके गुप्ता ने बताया कि 124 मरीजों के ऑपरेशन कराए जा चुके हैं।
एसएसबी में भर्ती मरीजों की सेहत की डॉक्टरों की टीम निगरानी कर रही है। जरूरत के हिसाब से मरीजों को इंजेक्शन लगाने, दवा देने के साथ ही ऑपरेशन भी कराए जा रहे हैं।
कोरोना के 11 नए मरीज मिले
अब कुल 82,182 मरीजों में 81,253 डिस्चार्ज हो चुके हैं। 773 की मौत के बाद अब 156 एक्टिव मरीज हैं। वहीं, जिले में 5 साल तक के 176 बच्चे, 6 से 12 साल तक के 282 और 13 से 18 साल तक के 270 बच्चों की जांच की गई।
कोयंबटूर से मंडलीय अस्पताल पहुंचा ऑक्सीजन प्लांट
मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा में सोमवार को ऑक्सीजन का दूसरा नया प्लांट भी पहुंच गया। कोयंबटूर से 960 एलपीएम क्षमता वाले इस प्लांट के लगने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। अब अस्पताल में 1965 एलपीएम क्षमता के प्लांट के लगने के बाद मंडलीय अस्पताल के 300 बेड के साथ ही महिला अस्पताल में 100 बेड वाले एमसीएच विंग में भी ऑक्सीजन की आपूर्ति हो सकेगी।
रविवार देर रात प्लांट आने के बाद सोमवार को एसआईसी डॉ. प्रसन्न कुमार की मौजूदगी में दोपहर में इसे प्लांट के लिए बने प्लेटफार्म पर उतारा गया। एमसीएच विंग के लिए भी यहीं से ऑक्सीजन दी जा सकेगी। जल्द ही ऑक्सीजन पाइप लाइन बिछाने सहित अन्य कार्यों को पूरा करा लिया जाएगा।