यूपी: होली के दिन दरोगा ने भाजपा नेता को पीटा, निलंबन की मांग पर अड़े भाजपाई
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में चौकी प्रभारी द्वारा भाजपा कार्यकर्ता की पिटाई करने का मामला शांत नहीं हो रहा है। भाजपाई चौकी प्रभारी के निलंबन की मांग पर अड़े हुए हैं। फिलहाल घायल कार्यकर्ता अस्पताल में भर्ती है।
इस मामले में अभी तक कोई एफआईआर दर्ज नहीं हुई है। कार्यकर्ता से मिलने के लिए भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष धर्मवीर तिवारी मिलकर उसका हालचाल जान रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, होली के दिन रेणुकूट चौकी प्रभारी अंजनी कुमार राय पुलिस चौकी के सामने खड़े थे। आरोप है कि इस दौरान भाजपा के पिछड़ा प्रकोष्ठ के मंडल महामंत्री सुनील गिरी वहां पहुंचे। पहले तो भाजपा नेता ने होली गीत गाया, उसके बाद चौकी प्रभारी का नाम लेते हुए उन पर कुछ अश्लील टिप्पणी की।
इसके बाद दरोगा ने उसे ऐसा करने से मना किया और एक थप्पड़ भी मारा। इसके बावजूद भाजपा नेता अश्लील टिप्पणी लगातार करते रहे। जिससे खार खाए दरोगा ने भाजपा नेता को चौकी के अंदर ले जाकर लाठियों से बुरी तरह पीटा। भाजपा नेता की पिटाई की सूचना मिलते ही नगर के भाजपाई आक्रोशित होकर चौकी पर पहुंच गए और नारेबाजी करने लगे।
घटना की सूचना पर पिपरी थानाध्यक्ष अभय नारायण तिवारी व सीओ भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने भाजपा नेताओं को समझाया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी मगर वे नहीं माने। मामला बिगड़ता देख पुलिस को लाठीचार्ज भी करना पड़ा। इसके बाद भीड़ तितर-बितर हुई। लेकिन थोड़ी ही देर में फिर से भाजपाई चौकी पर इकट्ठा हो गए।
उधर, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष धर्मवीर तिवारी ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी कि चौकी इंचार्ज के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर निलंबित नहीं किया गया तो आंदोलन का रास्ता अख्तियार करेंगे। उन्होंने एसपी को आगाह किया कि कार्यकर्ताओं के साथ दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। चौकी इंचार्ज को लाइन हाजिर करने से काम नहीं चलेगा। आरोपी चौकी इंचार्ज के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई होनी चाहिए।
उधर चौकी इंचार्ज ने अपने बचाव में पक्ष रखते हुए आरोप लगाया कि नशे में धुत भाजपा नेता चौकी परिसर में खुलेआम अपशब्दों का प्रयोग कर उन पर निजी प्रहार करने लगे। उन्हें समझाया भी लेकिन जब वह नहीं माने तो उन्हें इस तरह का कदम उठाना पड़ा।