भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बोले: कांग्रेस ने राम मंदिर और कश्मीर पर सिर्फ राजनीति की, भाजपा सरकार में देश और हिंदुत्व दोनों सुरक्षित
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एक दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचे भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने रविवार को संगठन की ओर से आयोजित कार्यक्रमों में विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में साढ़े चार लाख नियुक्तियां हुईं, लेकिन कोई सूची सैफई खानदान से या मुख्यमंत्री आवास से नहीं आई। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जैसे ईमानदार मुख्यमंत्री सपा, बसपा और कांग्रेस के शासन में नहीं देखे गए।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, 2017 से पहले आए दिन बमकांड होता था। आतंकवादी हमले और दंगे, फसाद होते थे। सड़क पर महिलाएं सुरक्षित नहीं रहती थीं। कश्मीर में सेना पर पत्थर फेंके जाते थे। लेकिन साढ़े चार साल में दंगे नहीं हुए। आतंकी घटनाएं नहीं हुई है। प्रदेश में साढ़े चार साल में गुंडे जेल के अंदर हैं या जमीन के अंदर हैं या फिर आसमान में हैं। इसलिए उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाने वाले अपने शासनकाल को याद करें।
कांग्रेस ने कश्मीर और राम मंदिर पर सिर्फ राजनीति की
उन्होंने प्रवासी संपर्क प्रकोष्ठ के प्रदेश सम्मेलन में कहा कि कांग्रेस ने देश पर सत्तर साल राज किया। सरदार पटेल ने देश के सामने दो बड़ी समस्याएं छोड़ी थीं और उनकी सोच थी कि नेहरू इन समस्याओं से देश को उबार लेंगे। पहली समस्या कश्मीर और दूसरी समस्या राम मंदिर का निर्माण था, लेकिन कांग्रेस ने इन दोनों समस्याओं पर सिर्फ राजनीति की।
पीएम मोदी ने धारा 370 खत्म की
कभी भी इन समस्याओं के निवारण का प्रयास नहीं किया। प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल में धारा 370 को समाप्त किया गया। परिणाम स्वरूप आज कश्मीर का नौजवान आतंकवादी बनने की बजाय पढ़-लिखकर डॉक्टर, इंजीनियर, आईएएस और टीचर बन रहा है। कांग्रेस शासन में हिंदुत्व को भगवा आतंकवाद से जोड़ा जाता था।
भाजपा सरकार में देश और हिंदुत्व दोनों सुरक्षित
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हिंदुओ की भावनाओं से खेलते हुए राम के अस्तित्व पर प्रश्नचिह्न खड़ा किया जाता था। कांग्रेस ने इस देश का बहुत नुकसान किया, जबकि भाजपा की सरकार में देश और हिंदुत्व दोनों सुरक्षित हाथों में है। इस दौरान राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार डॉ. नीलकंठ तिवारी, रविंद्र जायसवाल, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी धमेंद्र सिंह, नवरतन राठी, अशोक तिवारी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
दो पाउच पर काम करता है सपा-बसपा का कार्यकर्ता
निवेदिता शिक्षा सदन में महानगर की ओर से आयोजित बैठक में विपक्ष पर निशाना साधते हुए यहां तक कह दिया कि सपा और बसपा के कार्यकर्ता दो पाउच पर काम करता है। भाजपा सरकार में वंशवाद, परिवारवाद और गोत्रवाद की कोई जगह नहीं है। हिंदू और मुसलमान दोनों विकास की मुख्य धारा से जुड़कर योगी और मोदी सरकार की योजनाओं का लाभ ले रहे हैं। सरकार की सारी योजनाएं गरीबों को ध्यान में रखकर बनाई गई हैं और उनका लाभ उन्हें मिल रहा है।
बूथ मजबूत तभी मिलेगी जीत
संगठन की बैठक में उन्होंने मजबूत बूथ का टिप्स दिया। उन्होंने कहा कि जीत के लिए बूथ पर काम जरूरी है। सेक्टर संयोजक सौरभ यादव, अनुपम बाजपेई और विनायक पांडे ने सक्षम बूथ और संगठन के छह पर्व और बूथ, पन्ना समिति से जुड़े सवाल जवाब किए। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सक्षम बूथ वह होता है, जहां संगठन के छह कार्यक्रम होते हैं तथा नियमित बैठकें होती रहती हैं। प्रत्येक माह की 15 या 25 तारीख को मंडलों की बैठक करनी चाहिए तथा 3 से 4 घंटा तक एक साथ बिताना चाहिए और बूथों के प्रवास का कार्यक्रम भी तय होना चाहिए।