यूपी: भाजपा विधायक के बेटे की दबंगई, तहसील में घुसकर कानूनगो को पीटा
बलिया जिले के बैरिया के भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह के पुत्र हजारी सिंह और रजिस्ट्रार कानूनगो निर्वाचन के साथ बुधवार दोपहर को जमकर मारपीट हुई। इस मामले में रजिस्ट्रार कानूनगो निर्वाचन की तहरीर पर बैरिया पुलिस ने विधायक पुत्र सहित तीन नामजद व सात अज्ञात के खिलाफ मारपीट, सरकारी काम में बाधा व एससी-एसटी का मुकदमा पंजीकृत किया है। वहीं अपने साथी कर्मचारी के साथ हुई मारपीट के बाद कर्मचारी अपने कार्यालय में ताला बंद कर हड़ताल पर चले गए।
जानकारी के अनुसार रेवती विकास खंड के जमधरवा (झरकटहां) ग्राम पंचायत में तैनात बीएलओ संगीता यादव पत्नी संजय यादव को वहां से हटाने के लिए विधायक के पुत्र हजारी सिंह रजिस्ट्रार कानूनगो निर्वाचन राधेश्याम से आग्रह करने गए थे। जहां इस प्रकरण को लेकर रजिस्ट्रार कानूनगो के साथ कहासुनी और मारपीट हो गई।
घटना की जनकारी मिलते ही एसडीएम ने इसकी सूचना बैरिया थाने को दी, जहां से कोतवाल सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गई। एसडीएम अशोक चौधरी का कहना है कि प्रकरण की जानकारी जिलाधिकारी को दे दी है। जिलाधिकारी के निर्देशानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
तहरीर में रजिस्ट्रार कानूनगो निर्वाचन का आरोप है कि विधायक सुरेंद्र सिंह के पुत्र हजारी सिंह के साथ आए लोगों ने मेरे साथ बीएलओ को बदलने को लेकर मारपीट व गाली गलौज के साथ ही सरकारी काम में बाधा डाली। घटना की सूचना उपजिलाधिकारी को दी गई। इसके बाद उपजिलाधिकारी की सूचना पर पहुंची बैरिया पुलिस ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनबरसा में इलाज कराया है।