BHU: आईएएस-पीसीएस कोर्स में ऑनलाइन आवेदन शुरू, छात्रों को 48 हजार रुपये भी मिलेंगे; पढ़ें अन्य जानकारी
Varanasi News: आवेदन भरने की अंतिम तिथि अगले साल 10 जनवरी तय की गई है। इस सेंटर में 300 छात्रों के तीन बैच पूरे हो गए हैं लेकिन अभी भी आईएएस और पीसीएस में चयन का इंतजार है।
विस्तार
बीएचयू में सिविल सेवा की तैयारियों के चलने वाले डॉ. अंबेडकर सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (डीएसीई) में बुधवार से ऑनलाइन आवेदन शुरू हो गया है। 100 सीटों पर प्रवेश के लिए पांच हजार से ज्यादा अभ्यर्थी आवेदन करेंगे।
इस सेंटर में तैयारी करने वाले छात्र और छात्राओं को सालाना 48 हजार रुपये स्टायपेंड के तौर पर भी दिए जाएंगे। इसकी फीस 75 हजार रुपये है जिसकी सरकार की ओर से पूरी फीस दो किश्त में छात्रों के खाते में डीबीटी के तहत ट्रांसफर कर दी जाएगी। जैसे ही ये फंड आएगा फिर तैयारी करने वाले छात्र सेंटर को फीस जमा कर देंगे। वहीं इंटरव्यू के लिए चयनित छात्रों को साक्षात्कार प्रोत्साहन के लिए 15 हजार रुपये दिए जाएंगे।
क्लासरूम में स्मार्ट पैनल बोर्ड लगे हैं
सेंटर के प्रमुख प्रो. आरएन खरवार ने कहा कि इस सेंटर की कक्षाएं नियमित सुबह 10 बजे से दोपहर तीन बजे तक चलती हैं। वहीं लाइब्रेरी रात के आठ बजे तक लाइब्रेरी खुलती है। सभी क्लासरूम में स्मार्ट पैनल बोर्ड लगे हैं। वहीं वाटर कूलर और प्यूरीफायर है।
चौथे बैच की हो रही शुरुआत
ओबीसी और एससी आवेदक ही इस सेंटर में दाखिला ले सकते हैं। अभी तक बीएचयू में इस सेंटर के तीन बैच हो चुके हैं। अब चौथे में प्रवेश की प्रक्रिया शुरू हो रही है। इसमें पढ़ाने के लिए बाहर के भी प्रोफेसर और एक्सपर्ट आते हैं। बीते तीन बैच में लगभग 10 छात्रों ने यूपीएससी, यूपीपीएससी और बिहार सिविल सेवा का प्री, मेंस और इंटरव्यू दिया है। हालांकि एक भी छात्र का अंतिम चयन नहीं हो पाया है। लेकिन नेट-जेआरएफ और दूसरी प्रतियोगी परीक्षाओं में कुछ छात्र और छात्राओं को सफलता मिल चुकी है।
आठ लाख से कम आय पर ही प्रवेश
उम्र 21 से 35 वर्ष के बीच हो। परिजनों की आय आठ लाख रुपये या इससे कम हो। छात्र के पास एक वैध आधार संख्या और उससे जुड़ा बैंक खाता होना चाहिए। आय प्रमाण पत्र: में माता-पिता या अभिभावक की लेटेस्ट आय और राजस्व अधिकारी द्वारा जारी प्रमाण पत्र के रूप में होना चाहिए। कोर्स फीस और स्कॉलरशिप केवल उम्मीदवार के खाते में भेजा जाएगा।