BHU: युवाओं के लिए यूएई में स्टार्टअप के लिए लाइसेंसिंग होगी आसान, समझाैता हुआ; जानें इसकी खास बात
यूएई दूतावास के यूएई-भारत सीईपीए काउंसिल के निदेशक ने बीएचयू के प्रोफसरों से मुलाकात की। उनसे विभिन्न मसलों पर गहनता से चर्चा भी हुई।
विस्तार
Varanasi News: बीएचयू में संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के साथ भारत व्यापक आर्थिक साझेदारी (सीईपीए) समझौता हुआ। इसके तहत भारत भर के शीर्ष स्टार्टअप को यूएई में अपना बिजनेस विकसित करने का अवसर मिलेगा।
यूएई दूतावास के यूएई-भारत सीईपीए काउंसिल के निदेशक अहमद अलजनेबी ने सेंट्रल डिस्कवरी सेंटर स्थित अटल इन्क्यूबेशन सेंटर (एआईसी) का दौरा किया और वहां के प्रोफेसर इंचार्ज प्राे. पीवी राजीव के साथ एमओयू पर संयुक्त रूप से हस्ताक्षर किए।
प्रो. पीवी राजीव ने कहा कि इससे यूएई में बीएचयू से जुड़े युवाओं को स्टार्टअप विकसित करने के लिए लाइसेंसिंग प्रक्रिया आसान हो जाएगी। चयनित भारतीय स्टार्ट-अप्स को यूएई में पूरी तरह से स्पॉन्सर्ड सॉफ्ट-लैंडिंग पैकेज दिया जाएगा। इसमें इनक्यूबेशन सपोर्ट, क्विक यूएई लाइसेंसिंग प्रक्रिया, निर्देशित मेंटरशिप और प्रमुख यूएई-आधारित निवेशकों और नवाचार नेटवर्क तक पहुंच शामिल है। वहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इनक्यूबेशन कार्यक्रम होंगे।
बनारस में भारत-यूएई इनोवेशन डिप्लोमेसी की शुरुआत
प्रो. पीवी राजीव ने कहा कि यह समझौता भारत-यूएई इनोवेशन डिप्लोमेसी का अहम चरण है। इसके तहत भारत के गैर-महानगरीय क्षेत्रों में नवाचार केंद्रों की बढ़ती भूमिका को परखा जा रहा है। यूएई-भारत सीईपीए काउंसिल एक द्विपक्षीय मंच है।
इसकी स्थापना यूएई-भारत व्यापक आर्थिक भागीदारी समझौते के तहत व्यापार, निवेश और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए की गई है। यह भारत और यूएई के बीच व्यापार, सरकार और संस्थाओं के बीच रणनीतिक सहयोग को आसान बनाती है। इस दौरान प्रो. आशीष बाजपेयी, प्रो. एसके दुबे, लातिएटा ब्रूस वैरीरी, शंभावी सिंह और अभिषेक रंजन मौजूद रहे।