बीएचयू अस्पताल : चौथे दिन काम पर लौटे रेजिडेंट, आईएमएस डायरेक्टर ने मानी मांगेें
बता दें बीएचयू चिकित्सा विज्ञान संस्थान के रेजिडेंट सातवें वेतन आयोग की सिफारिशों को लागू कराने के लिए सोमवार से शुक्रवार तक हड़ताल पर थे। अब आईएमएस डायरेक्टर ने रेजिडेंट को पत्र सौंपकर उनकी सिफारशों को मान लिया है। उन्होंने कहा कि अगले महीने से रेजिडेंट्स को सातवां वेतन मिलने लगेगा।
आईएमएस डायरेक्टर ने रेजिडेंट्स को दिया पत्र
हड़ताल पर जाने से अस्पताल में असर यह था कि ओपीडी में पर्चा जमा करने के बाद मरीजों और तीमारदारों को डॉक्टर को दिखाने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा था। इसमें सबसे अधिक परेशानी उन मरीजों को हो रही थी जो बिहार, गोरखपुर, महराजगंज, देवरिया, मऊ आदि दूर दराज इलाकों से यहां बेहतर उपचार की उम्मीद लिए आते थे।
अक्सर ओपीडी में रेजिडेंटों के रहने से जहां 200 से 300 मरीज देखे जाते थे, वहीं कई विभागों की ओपीडी हड़ताल की वजह से 150 से 200 तक ही रह जा रही थी। इसके अलावा जांच और ऑपरेशन का ग्राफ पिछले तीन दिन में तेजी से गिर गया था। सोमवार को जहां 83 और मंगलवार को 40 ऑपरेशन हुए, वहीं मंगलवार को 33 ही हो सके।
इसके अलावा सोमवार-मंगलवार को 3022-2622 लोगों की जांच के सापेक्ष बुधवार को केवल 2122 लोगों की जांच हुई। इसके अलावा वार्डों में भर्ती मरीजों की संख्या में कमी आई थी।