अभिनेत्री अक्षरा सिंह से गायक रितेश पांडेय ने मांगी माफी, शांत हुआ मामला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भोजपुरी फिल्म अभिनेत्री अक्षरा सिंह और गायक रितेश पांडेय के बीच के विवाद पुलिस के पास पहुंचने के 24 घंटे बाद रविवार को सुलझ गया। सारनाथ थाने की पुलिस के अनुसार, रितेश ने आशापुर चौकी में अक्षरा से माफी मांग ली। दोनों को चेतावनी दी गई है कि भविष्य में कोई ऐसा काम न करें, जिससे जरूरी काम छोड़ कर पुलिस को अनावश्यक परेशान होना पड़े।
भोजपुरी फिल्म अभिनेत्री अक्षरा सिंह ने शनिवार को सारनाथ थाने में तहरीर दी थी। अक्षरा के अनुसार, शनिवार को वह सारनाथ थाना के तिलमापुर में एक स्टूडियो में थी। इसी दौरान रितेश अपने दोस्तों के साथ स्टूडियो में आए। उनसे अचानक गालीगलौज कर मारपीट करने का प्रयास किया और जान से मारने की धमकी दी। अक्षरा की तहरीर के आधार पर सारनाथ थाने की पुलिस ने रविवार को रितेश को बुलाया।
रितेश थाने आए और घंटों अक्षरा के आने का इंतजार करते रहे। इंस्पेक्टर सारनाथ विजय बहादुर सिंह ने बताया कि शाम के समय आशापुर पुलिस चौकी पर अक्षरा और रितेश की लंबी बातचीत हुई। रितेश ने अक्षरा से माफी मांगी तो उन्होंने माफ कर दिया।
इसके बाद अक्षरा ने कहा कि वह कोई कार्रवाई नहीं चाहती हैं और तहरीर वापस ले रही हैं। इंस्पेक्टर सारनाथ के अनुसार, दोनों को चेतावनी दी गई है कि भविष्य में इस तरह के प्रकरण की पुनरावृत्ति होगी तो मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।