भारतेंदु हरिश्चंद्र की 170 जयंती आज: निज भाषा उन्नति अहै...का मंत्र हो रहा साकार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
निज भाषा उन्नति अहै...का जो मंत्र भारतेंदु हरिश्चंद्र ने दिया वह अब मूर्त रूप ले रहा है। नई शिक्षा नीति में सरकार ने मातृभाषा में शिक्षा देने की बात कही। भारतेंदु जी ने तो 150 साल पहले ही कहा था कि अपनी भाषा के जरिए उन्नति के मुकाम को हासिल किया जा सकता है। यह कहना है भारतेंदु जी की पांचवीं पीढ़ी के दीपेश चंद्र चौधरी का।
उन्होंने बताया कि भारतेंदु जी की 170वीं जयंती के पूर्व नई शिक्षा नीति में मातृभाषा में शिक्षा का प्रावधान होना सभी के लिए गर्व की बात है। आधुनिक हिंदी के जनक भारतेंदु बाबू हरिश्चंद्र ने कहा था हिंदी को अदालती भाषा बनाने का उनका सपना 138 साल बाद भी अधूरा ही है।
हंटर कमीशन के सामने अपनी गवाही के दौरान भारतेंदु बाबू ने कहा था यदि हिन्दी अदालती भाषा हो जाए, तो समन पढ़वाने के लिए दो-चार आने कौन देगा और साधारण सी अर्जी लिखवाने के लिए कोई रुपया-आठ आने क्यों देगा। तब पढ़ने वालों को यह अवसर कहां मिलेगा कि गवाही के समन को गिरफ्तारी का वारंट बता दें।
साहित्यकार डॉ. जितेंद्रनाथ मिश्र ने बताया कि आधुनिक हिन्दी के पितामह का जन्म 9 सितंबर 1850 को वाराणसी के चौखंभा मोहल्ले में हुआ था। इनका मूल नाम हरिश्चन्द्र था। भारतेंदु उनकी उपाधि थी। उनका कार्यकाल युग की संधि बेला पर खड़ा था।
बहुत बड़े समाजसुधारक थे भारतेंदु
बनारस बार के पूर्व महामंत्री नित्यानन्द राय एडवोकेट ने बताया कि भारतेंदु हरिश्चन्द्र बहुत बड़े समाज सुधारक थे। उन्होंने स्त्री शिक्षा के लिये कन्या पाठशाला की स्थापना की। सामाजिक कुरीतियों के विरूद्ध आंदोलन चलाया जब वे अग्रवाल समाज के चौधरी बनाए गए तब उन्होंने बतौर चौधरी आदेश दिया कि विधवा विवाह मान्य होगा।
यह घोषणा होते ही हङ़कंप मच गया। हालत यह हो गई कि अग्रवाल समाज की आनन-फानन में सभा बुलाई गई और भारतेंदु को चौधरी पद से हटा कर इनके भाई को चौधरी बना दिया गया। उन्होंने घोषणा को रद्द कर दिया।
हिंदी डिबेंटिग क्लब की स्थापना की
जिस वक्त देश मे लार्ड मैकाले की अंग्रेज परस्त व अंग्रेज दां बनाने की शिक्षा नीति देश पर जबरिया थोपी जा रही थी। उसी समय काशी में भारतेंदु ने हिंदी भाषा को व्यवस्थित किया। यही नहीं हिन्दी भाषा एवं देवनागरी लिपि को शासन में स्थापित कराने के लिए तमाम आंदोलन चलाए। हिन्दी डिबेटिंग क्लब के माध्यम से हिंदी का प्रचार प्रसार किया जिसमे सारे विवरण हिन्दी मे लिखे जाते थे।
हस्ताक्षर अभियान के थे प्रणेता भारतेंदु
देश से गोवध समाप्त करने के लिये साठ हजार हस्ताक्षर कराकर उस जमाने में दिल्ली दरबार के समय लार्ड लिटन को 1877 में भेजा था। इस प्रकार वे हस्ताक्षर अभियान जो लोकतांत्रिक मांगों के समर्थन में जो प्राय: लोकतांत्रिक पार्टियां चलाती है उसके प्रणेता थे।