वाराणसी: चुनाव आयोग के समर्थन में भारतीय अवाम पार्टी का मार्च, कांग्रेस नेताओं के इस्तीफे की मांग
भारतीय अवाम पार्टी (राष्ट्रीय) की ऑटो यूनियन ने वाराणसी में चुनाव आयोग के समर्थन में मार्च निकाला। प्रदर्शनकारियों ने एसआईआर का समर्थन करते हुए राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और मल्लिकार्जुन खरगे के इस्तीफे की मांग की।
विस्तार
भारतीय अवाम पार्टी (राष्ट्रीय) की ऑटो यूनियन के सदस्यों ने मंगलवार को चुनाव आयोग के समर्थन में मार्च निकाला। कटिंग मेमोरियल से गोलघर चौराहे तक निकाले गए इस मार्च को ‘चुनौती मार्च’ नाम दिया गया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और मल्लिकार्जुन खरगे के इस्तीफे की मांग की गई। पार्टी ने कांग्रेस और कॉकरोच जनता पार्टी पर चुनाव आयोग के खिलाफ माहौल बनाने और विदेशी फंडिंग लेने के आरोप भी लगाए।
भारतीय अवाम पार्टी (राष्ट्रीय) की अध्यक्ष दीदी नजमा परवीन ने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता देशहित के मुद्दों पर संघर्ष करते रहेंगे। उन्होंने कॉकरोच जनता पार्टी के नेता अभिजीत दीपके पर सवाल उठाते हुए विदेशी फंडिंग मिलने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि संबंधित गतिविधियों और धन के स्रोतों की जांच होनी चाहिए। हालांकि, विदेशी फंडिंग से जुड़े आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
चुनाव आयोग और एसआईआर के समर्थन में उठाई आवाज
भारतीय अवाम पार्टी की ऑटो यूनियन के अध्यक्ष कमलाकांत सिंह उर्फ गुड्डू ने कहा कि कांग्रेस चुनाव आयोग, ईवीएम और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर सवाल उठाती रही है। उन्होंने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का समर्थन करते हुए कहा कि इससे फर्जी मतदाताओं की पहचान करने में मदद मिलेगी। उन्होंने राहुल गांधी और कांग्रेस के अन्य नेताओं से इस्तीफा देने की मांग भी की।
नारेबाजी कर जताया विरोध
मार्च के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग के समर्थन और कांग्रेस नेताओं के इस्तीफे की मांग को लेकर नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और मल्लिकार्जुन खरगे के साथ कुछ राज्यों की सरकारों से भी इस्तीफे की मांग की।
आयोजन में डॉ. कविंद्र नारायण श्रीवास्तव, अफरोज अहमद, कलीमुद्दीन, लियाकत अली, राजेश कुमार सिंह, अशोक सेठ, जायंता पाठक, कृष्ण कुमार मकसूदन, बृजेश कुमार, अशोक गुप्ता, भूपेंद्र, सुजीत कुमार, अजीत राजभर, विशाल पाठक, चंद्रिका प्रसाद मौर्य, विपिन श्रीवास्तव, अरविंद सेठ, जलालुद्दीन और राजकुमार सहित ऑटो चालक व पार्टी कार्यकर्ता शामिल रहे।