विधायक विजय मिश्र, बेटे और पौत्र पर दर्ज सामूहिक दुष्कर्म केस के एक आरोपी का वीडियो वायरल
उत्तर प्रदेश के भदोही जिले के ज्ञानपुर विधायक और बाहुबली विजय मिश्र, उनके बेटे और पौत्र के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज है। सामूहिक दुष्कर्म के फरार एक आरोपी की सोमवार को कथित वीडियो वायरल होने से सियासी सरगर्मी बढ़ गई है।
माना जा रहा है कि वह वीडियो लखनऊ का है। इसमें वह मिर्जापुर के एक नेता के साथ देखा गया, जो सपा ज्वाइन करने लखनऊ गए थे। एसपी रामबदन सिंह ने कहा कि गिरफ्तारी के लिए टीम लगी है। वीडियो वायरल होने का मामला संज्ञान में नहीं है।
क्या है आरोप
पीड़िता ने पुलिस को बताया है कि प्रयागराज में विधायक ने उससे 2015 में दुष्कर्म किया। 2014 मेें धनापुर में दुष्कर्म के बाद विधायक ने उसे कई बार अपने पास बुलवाया लेकिन वह नहीं गई। आरोप है कि 2015 में विधायक ने उसे नौकरी दिलाने का झांसा देकर अल्लापुर स्थित अपने मकान पर बुलवाया। शक न हो इसके लिए दस्तावेज भी मंगवाए। यहां पहुंचने के बाद उसने डरा-धमकाकर उससे दुष्कर्म किया। इसी दौरान उसका अश्लील वीडियो क्लिप भी बनाया गया। जिसके जरिए उसे बाद में ब्लैकमेल किया गया।
वीडियो चैट पर करते थे अश्लील डिमांड
पीड़िता का यह भी आरोप है कि ब्लैकमेल से वह पूरी तरह टूट चुकी थी। जिसके बाद 2016 में वह मुंबई चली गई, लेकिन विधायक ने उसका पीछा नहीं छोड़ा। वह लगातार उससे न सिर्फ बात करता रहा बल्कि डरा धमकाकर वीडियो कॉलिंग के जरिए संपर्क करता। वीडियो चैट के दौरान वह अश्लील डिमांड भी करता था। न मानने पर जान से मारने की धमकी देता था।