Varanasi News: जिला अस्पताल में बेड बढ़ाने की तैयारी, मरीजों को होगी राहत
दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल में बेड बढ़ाने की तैयारी चल रही है। यहां एमसीएच विंग के पास 42 बेड का एक नया वार्ड बनाया जा रहा है। खास बात यह है कि इस नए वार्ड में आईसीयू की तरह ही 12 बेड का एचडीयू यानी हाई डिपेंडेंसी यूनिट भी बनाया जा रहा है।
विस्तार
दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल में बेड बढ़ाने की तैयारी चल रही है। यहां एमसीएच विंग के पास 42 बेड का एक नया वार्ड बनाया जा रहा है। खास बात यह है कि इस नए वार्ड में आईसीयू की तरह ही 12 बेड का एचडीयू यानी हाई डिपेंडेंसी यूनिट भी बनाया जा रहा है, जिससे गंभीर मरीजों का बेहतर इलाज हो सके।
राजकीय निर्माण निगम की ओर से इसी महीने के पहले सप्ताह से काम भी शुरू हो गया है। काम पूरा करने का लक्ष्य भी तीन महीने का रखा गया है। जिला अस्पताल की ओपीडी और इमरजेंसी में हर दिन शहरी और ग्रामीण इलाकों के एक हजार से अधिक मरीज आते हैं।
औसतन इमरजेंसी सहित सामान्य वार्ड में हर दिन चिकित्सकों की ओर से करीब 20 से 30 मरीजों को भर्ती करने की भी सलाह दी जाती है। इस समय दीनदयाल अस्पताल में कुल 180 बेड हैं, जिसमें इमरजेंसी, मेडिकल वार्ड, चिल्ड्रेन वार्ड सहित अन्य वार्ड बनाए गए हैं। मरीजों की संख्या दिन प्रतिदिन यहां बढ़ती जा रही है, इसको देखते हुए ही अब अस्पताल प्रशासन की ओर से बेड की संख्या बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।
परिसर में एमसीएच विंग के पास 42 बेड के नए वार्ड निर्माण भी शुरू हो गया है। इसके साथ ही बिल्डिंग बनने के बाद यहां बेड लगाने सहित अन्य तैयारियों को लेकर कार्ययोजना तैयार कराई जा रही है। इसी नए भवन में 12 बेड का एचडीयू भी होगा, जहां वेंटिलेटर की सुविधा भी रहेगी।
अस्पताल में पहले से 180 बेड चल रहे हैं, अब 42 नए बेड भी जुड़ जाएंगे। इसके साथ ही 10 बेड का एचडीयू तो पहले से है और अब 10 बेड का नया एचडीयू बनने के बाद गंभीर मरीजों को राहत होगी। निर्माण निगम ने तीन महीने का लक्ष्य काम पूरा करने के लिए रखा गया है। - डॉ. आरके सिंह, सीएमएस, दीनदयाल अस्पताल