यूपी: बादमाशों ने बाइक सवार युवकों से की लूटपाट, विरोध करने पर पीटा
मऊ जिले के हलधरपुर थाना क्षेत्र के पहसा बाजार में शुक्रवार की रात लगभग दस बजे बदमाशों ने बारात से लौट रहे बाइक सवार दो युवकों से लूटपाट की। विरोध करने पर बदमाशों ने युवकों की पिटाई कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश फरार हो गए।
पीड़ित युवकों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने बदमाशों के भागने की दिशा में खोजबीन की, लेकिन लुटेरे पुलिस की पकड़ में नहीं आ सके।
जानकारी के अनुसार, रानीपुर थाना क्षेत्र के भटौली गांव निवासी रवि चौहान और कोपागंज थाना क्षेत्र के अंदरी देहात निवासी सत्येंद्र चौहान शाम को पहसा बाजार के पास एक गांव में बारात में गए थे। दोनों बाइक से रात करीब दस बजे घर लौट रहे थे।
पहसा चट्टी के पास तीन बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। बदमाशों ने उन्हें असलहे से आतंकित कर उनके पास रहे दो हजार रुपये लूट लिए। विरोध करने पर बदमाशों ने उनकी पिटाई कर दी। घटना से भौंचक युवकों ने पुलिस को सूचना दी।
112 डायल पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन तब तक लुटेरे फरार हो थे। युवकों ने पुलिस को तहरीर दी। इस बाबत एसओ डीके श्रीवास्तव का कहना है कि घटना की जांच तत्परता से की जाएगी और लुटेरों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।