आजमगढ़ : तीन परिवार के नौ लोग समेत 20 और मिले कोरोना संक्रमित
- पवई में चार, फूलपुर में तीन, महारागंज-अजमतगढ़ में दो-दो मरीज मिले
- रानी की सराय में तीन, मेंहनगर और लालगंज में एक-एक मरीज मिले
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आजमगढ़ जनपद में कोरोना संक्रमण का ग्राफ नीचे आने का नाम नहीं ले रहा है। लगातार मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है। शनिवार को भी एक साथ 20 नये मरीज मिलने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप की स्थिति है। नये मरीजों में अधिकतर प्रवासी है।
एक ही परिवार के पवई में चार, फूलपुर में तीन, महाराजगंज में दो लोग संक्रमित मिले हैं। इसके साथ ही रानी की सराय में तीन, अजमतगढ़ में दो, मेंहनगर, लालगंज मटिया टोला मऊ में एक-एक मरीज की पुष्टी हुई है।
जिला अस्पताल में ट्रूनॉट मशीन तीन मरीजों में संक्रमण की पुष्टी हुई है। इसमें एक बरदह और दो शहर के कोट और रैदोपुर मोहल्ले के हैं। कुल संक्रमितों की संख्या 281 पहुंच गई है। 84 मरीज अभी भी सक्रिय हैं। 190 स्वस्थ हो चुके हैं। सात लोगों की मौत हो चुकी है।
तीन परिवार के नौ लोगों में संक्रमण
पवई ब्लाक के बहाउद्दीनपुर गांव में एक ही परिवार में चार लोग संक्रमित मिले हैं। परिवार के लोग कोलकाता में नौकरी करते थे। वहीं से 28 जून के गांव आए थे। इसके बाद परिवार के लोगों की सैंपलिंग हुई थी। दो पुरुष और दो महिलाओं समेत चार लोगों की रिपोर्ट अब कोरोना संक्रमित आई है। इससे गांव के लोगों में हड़कंप की स्थिति है।
फूलपुर ब्लाक के बिलरामऊ गांव में एक ही परिवार के तीन लोग संक्रमित मिले हैं। 30 जून को मुंबई से सभी लोग आए थे। परिवार के आठ लोगों की सैंपलिंग कराई गई थी। इसमें तीन लोगों की रिपोर्ट कोरोना संक्रमित आई है। एक ही परिवार में आठ लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने से गांव में हड़कंप की स्थिति है।
महाराजगंज ब्लाक के गांव कुड़ही में एक परिवार के दो लोग संक्रमित मिले हैं। इस परिवार की एक महिला की कुछ दिनों पहले दिल्ली में मौत हो गई थी। इसके बाद परिवार के लोग गांव आए थे तो इनकी सैंपलिंग कर इनको पटवध में क्वारंटीन किया गया था। दोनों महिलाएं हैं।
रानी की सराय में तीन और अजमतगढ़ में दो संक्रमित मिले
रानी की सराय में तीन लोग संक्रमित मिले हैं। इसमें एक निजामाबाद के मुइया मखदूमपुर निवासी 51 वर्षीय व्यक्ति कोलकाता में बोरा बनाने वाली फैक्ट्री में काम करते हैं। उनके साथ उनका बेटा भी कोलकाता में रहता है। परिजनों के अनुसार उन्हें 15 दिन पहले पीलिया की शिकायत हुई थी। अस्पताल में भर्ती कराया गया लेकिन कोई लाभ नहीं हुआ। इस बीच कोविड-19 टेस्ट भी कराया गया।
अस्पताल से रेफर करने के बाद पुत्र अपने पिता को लेकर एंबुलेंस से घर के लिए चल पड़ा। रास्ते में पता चला कि पिता की रिपोर्ट कोविड-19 पॉजिटिव आई है। इसके बाद वो पिता को एंबुलेंस से लेकर सीधे मेडिकल कालेज चला गया। यहां पिता को आइसोलेट करने के साथ ही पुत्र को क्वारंटीन कर दिया गया है। पिता की हालत गंभीर बनी हुई है।
इसके साथ ही रुदरी में दुबई से 29 जून को आया 30 वर्षीय युवक कोरोना संक्रमित पाया गया है। इसी ब्लाक के जहानागंज के पास स्थित शुंभी गांव में मुंबई से आया प्रवासी कोरोना संक्रमित मिला है। अजमतगढ़ ब्लाक में दो लोग संक्रमित मिले हैं। इसमें एक जीयनपुर नगर पंचायत के हसनपट्टी के रहने वाले हैं। उनकी बाजार में किराने की दुकान है।
दूसरा मरीज नवोदयनगर के रहने वाले 66 वर्षीय सेवानिवृत्त शिक्षक हैं। इनके भाई शहर के हाफिजपुर में रहने हैं और कोरोना पॉजिटिव हैं। उनका इलाज वाराणसी में चल रहा है। उन्हीं को देखने गए थे। अब संक्रमित मिले हैं। मेंहनगर के जमीनपुर में कोरोना संक्रमित के संपर्क में आने से 70 वर्षीय महिला भी पॉजिटिव पाई गई है।
महिला के पुत्र कुछ दिनों पहले संक्रमित मिले थे। ये परिवार भी मुंबई से आया था। इसके साथ ही लालगंज का एक 10 वर्षीय बालक बीएचयू में इलाज के दौरान संक्रमित पाया गया है। इसके साथ ही मट्टिया टोला मऊ में एक संक्रमित मिला है।
तीन मरीजों में कोरोना संक्रमण की पुष्टी जिला अस्पताल में ट्रू-नॉट मशीन से हुई है। इसमें एक व्यक्ति बरदह के गिड़उर का है। बीमार होने पर उसकी जिला अस्पताल में जांच कराई गई थी। इसके साथ ही आजमगढ़ शहर के मोहल्ला कोट और रैदोपुर में भी एक व्यक्ति में कोरोना संक्रमण की पुष्टी हुई है।
जनपद में कुल संक्रमितों की संख्या 281 पहुंच गई है। 84 मरीज अभी भी सक्रिय, सात लोगों की मौत हो चुकी है। 190 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। नये मरीजों को आइसोलेट कराया जा रहा है। - डॉ. एके मिश्रा, सीएमओ