Ayodhya Ram Mandir: राममंदिर शिलान्यास के लिए पांच अगस्त का मुहूर्त ही सर्वश्रेष्ठ- गणेश्वर द्रविड़
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वाराणसी के ज्योतिषाचार्य आचार्य गणेश शास्त्री द्रविड़ द्वारा निकाले गए मुहूर्त पर ही श्रीराम मंदिर का भूमि पूजन और शिलान्यास होगा। आचार्य गणेश्वर शास्त्री द्रविड़ का कहना है कि भूमिपूजन के लिए पांच अगस्त का मुहूर्त ही सर्वश्रेष्ठ है।
रामघाट स्थित वल्लभ राम शालिग्राम सांगवेद विद्यालय के गणेश्वर शास्त्री द्रविड़ का कहना है कि मंदिर निर्माण के लिए जो समिति गठित की गई है, उसके पदाधिकारी स्वामी गोविंद देव गिरि ने शिलान्यास के लिए मुहूर्त देने को कहा था। पांच अगस्त को वृष नवांश में मुहूर्त दिया गया है।
कुछ लोगों का कहना है कि 27, 29, 30 जुलाई या 3 अगस्त को शिलान्यास का मुहूर्त निकाला जा सकता था। गणेश आपाजी पंचांग के अनुसार पांचों तारीखों का विश्लेषण करते हुए उन्होंने समझाया कि पांच अगस्त को ही शिलान्यास का बेहतर मुहूर्त है। इसमें अयोध्या के अनुसार कुछ पल का संस्कार हो सकता है।
आचार्य ने स्पष्ट किया कि पांच अगस्त को कन्या लग्न की जगह तुला लग्न में शिलान्यास होना चाहिए। उस दिन पूर्णिमांत भाद्रपद कृष्ण और अमांत श्रावण कृष्ण द्वितीया बुधवार है। सुबह घनिष्ठा नक्षत्र है। अनंतर शत तारका नक्षत्र है। कन्या लग्न में लग्न से षष्ठ स्थान में कुंभ में चंद्र है और केंद्र में पापग्रह मंगल, राहु, शनि, केतु हैं।
ज्योतिर्विदाभरण में कहा है कि यदि गृहारंभ के समय सप्तम भाव दुष्ट ग्रह से युक्त हो तो अहंकार के अभ्युदय से गृह कलह होती है। इसीलिए कन्या लग्न का मुहूर्त नहीं दिया गया। मंदिर निर्माण के मुहूर्त तुला लग्न दिया गया है। आचार्य ने भूशयन, चंद्र का पाताल निवास, षोडशवर्ग आदि पर भी स्थिति स्पष्ट की।