गाजीपुर: जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत पर पहुंची टीम पर दबंगों का हमला, तीन घायल
उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत पर सुहवल क्षेत्र के बेमुआ गांव में मंगलवार देर शाम पहुंची डायल 112 पुलिस पर दबंगों ने हमला बोल दिया। पुलिस टीम तो पीछे हट कर निकल गई पर थाने के एक होमगार्ड को हमलावरों ने जमकर पीटा।
उसे बचाने में दो ग्रामीण भी घायल हो गए। बाद में थाने की पुलिस घायलों को रेवतीपुर सीएचसी ले गई, जहां से होमगार्ड समेत दो लोगों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। मामले में छह लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है।
बेमुआ गांव निवासी रामदयाल ने अपने ही गांव की सोनमती को काफी दिनों पहले सड़क के किनारे एक बिस्वा जमीन बेची थी। सोनमती के परिवार वाले रामदयाल की जमीन में अवैध कब्जा करने की कोशिश कर रहे थे। इसकी सूचना पीड़ित ने देर शाम डायल 112 पुलिस को दी।
जानकारी होते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और समझाने-बुझाने में जुट गई, लेकिन दबंगों ने पुलिस की बात अनसुनी कर उन पर हमला कर दिया तो पुलिसकर्मी पीछे हट गए। वहीं कुछ देर बाद उन्हें समझाने के लिए थाने पर तैनात होमगार्ड रामाशीष कुशवाहा वहां पहुंचे तो दबंगों ने लाठी डंडे हमला कर दिया।
बीच-बचाव करने पहुंचे रामदयाल और मुकेश पांडेय भी घायल हो गए। जानकारी मिलते फोर्स मौके पर पहुंची तो हमलावर फरार हो गए। पुलिस घायलों को रेवतीपुर सीएचसी ले गई जहां होमगार्ड रामाशीष कुशवाहा और मुकेश पांडेय की हालत गंभीर होने पर डाक्टर ने दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। दोनों की हालत नाजुक बनी हुई है।
थानाध्यक्ष बिंद कुमार सिंह ने बताया कि घायल होमगार्ड की तहरीर पर छह लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्जकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।