वाराणसी: कृषि और कई उत्पादों का कोरोना काल में भी बढ़ा निर्यात, कोरोना की दूसरी लहर में 164 बिलियन डॉलर पहुंचा- अनुप्रिया पटेल
केंद्रीय मंत्री रुद्राक्ष में आयोजित एपीडा के वाणिज्य उत्सव में शामिल हुईं। उन्होंने 2700 किसानों को संबोधित किया।
विस्तार
देश में कोरोना महामारी में भी कृषि सहित अन्य उत्पादों के निर्यात में वृद्धि दर्ज की गई है। 2020 के शुरुआती पांच माह में निर्यात 98 बिलियन डॉलर था। वहीं 2021 के पहले पांच माह में कोरोना महामारी की दूसरी लहर में भी यह बढ़कर 164 बिलियन डॉलर तक पहुंच गया। इसमें भी कृषि निर्यात 45 बिलियन डॉलर से बढ़कर 48 बिलियन डॉलर हो गया।
अगले दो वर्षों में निर्यात को और बढ़ावा मिले, इसके लिए एक जिला एक उत्पाद के तहत अन्य नए उत्पादों कि तलाश की जा रही है। यह मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने रविवार को एपीडा के वाणिज्य उत्सव में कहीं।
रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में हुए कार्यक्रम में बनारस, जौनपुर, गाजीपुर, मिर्जापुर, चंदौली, भदोही के 700 से अधिक किसानों के अलावा उत्तराखंड और बिहार के 20 कृषि विज्ञान केंद्रों से 2000 से अधिक किसान, ट्रेडर्स और निर्यातक वर्चुअली जुड़े। इस दौरान राज्य मंत्री रविंद्र जायसवाल, जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा, एपीडा के चेयरमैन डॉ. एम अंगमुथु, निदेशक तरुण बजाज आदि मौजूद रहे।
किसान खेती के साथ बनेगा उद्यमी
राज्य मंत्री रविंद्र जायसवाल ने खेत किसानी को बढ़ावा देने के लिए किसानों को खेती के साथ कई योजनाओं का लाभ लेकर उद्यमी बनने को प्रेरित किया। वहीं एयरपोर्ट की निदेशक आर्यमा सान्याल ने कहा कि जल्द बनारस एयरपोर्ट से शिपमेंट शुरू होगी जो कोरोना के कारण बंद है। कार्गों उड़ानों के लिए उड्डयन मंत्रालय से चर्चा की जाएगी।
चावल का एक बिलियन डॉलर निर्यात का लक्ष्य
इरी के निदेशक डॉ. सुधांशु ने बताया कि कालानमक, जीरा 32 सहित कई प्रजाति के चावल को सुगर फ्री करने, आयरन, प्रोटीन, जिंक की मात्रा बढ़ाने और कई सुधार कर चावल के निर्यात को एक बिलियन डालर करने का लक्ष्य है।
कई संस्थानों के लगे स्टॉल
उत्सव में कृषि उत्पाद सहित हस्त शिल्प, जेम, एफपीओ के स्टाल लगाए गए। इसमें इसी आईआईवीआर ने कई प्रजाति की भिंडी, करेला, तरोई सहित कई सब्जियों का प्रदर्शन किया। इरी की ओर से जिंक, आयरन और प्रोटीन युक्त चावल और उससे तैयार माइक्रोनी, बिस्किट, चूड़ा का प्रदर्शनी लगाई। इसी तरह अन्य उत्पाद धातु, लकड़ी और पत्थर के खिलौनों की प्रदर्शनी, साड़ी, गुलाबी मिनाकारी सहित कई खाद्य उत्पादों के स्टाल लगे। सांसद अनुप्रिया पटेल ने आधा किलो घी और लकड़ी का खिलौना लिया।