काशी में अमित शाह बोलेः कमजोर विपक्ष के खिलाफ 35 साल तक सत्ता में रहकर करेंगे देशसेवा
केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि हम भारत को विश्वगुरु बनाने के लिए ही सत्ता की लड़ाई लड़ रहे हैं। उत्तर प्रदेश के चुनाव में सपा, बसपा और कांग्रेस हमको मिलकर नहीं हरा सकते हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
वाराणसी में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को यहां कहा कि कमजोर विपक्ष के खिलाफ हम 35 साल तक सत्ता में रहकर देशसेवा करेंगे। उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास कोई योजना नहीं है। जनसामान्य ने हमें स्वीकार किया है। बेहतर कार्ययोजना, मजबूत संगठन व प्रबंधन की बदौलत हम 2022 के विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करेंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि पूर्वांचल ही यूपी की जीत सुनिश्चित करेगा। यहां हस्तकला संकुल में भाजपा के संगठनात्मक जिलों के जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी और सभी विधानसभा क्षेत्रों के प्रभारियों की बैठक को संबोधित करते हुए अमित शाह ने साफ किया कि किसी भी विधानसभा प्रभारी और संगठन से जुड़े लोगों को आगामी चुनाव में टिकट नहीं मिलेगा। अगर कोई संशय हो तो अभी बता सकते हैं।
उन्होंने कहा, जनता के बीच संदेश जाना चाहिए कि हम केवल सरकार बनाने नहीं आए हैं। हम भारत को विश्वगुरु बनाने के लिए सत्ता की लड़ाई लड़ रहे हैं। अमित शाह ने मिशन 300 प्लस का प्लान बताया और कहा कि हमारा संगठन मजबूत है, हम इस लक्ष्य को पार करेंगे।
हर कार्यकर्ता तक जाएगा जीत का श्रेय : मुख्यमंत्री
गृहमंत्री ने कहा कि 2014 में हम सरकार के खिलाफ लोगों की नाराजगी की बदौलत सत्ता में आए। 2017 में दूसरे दलों के मजबूत नेताओं को हमने साथ लिया और इसकी बदौलत भी जीते। 2019 में सभी कमजोर दल आपस में मिल गए थे, फिर भी अपनी मजबूत कार्ययोजना और प्रबंधन की बदौलत हम जीते। उन्होंने कहा कि हमने जनता से अनुच्छेद 370 हटाने और राम मंदिर निर्माण के जो वादे किए थे, वो पूरे हुए।
देश की दशा और दिशा तय करेगा यूपी का चुनाव
गृहमंत्री ने कहा कि जब मैं 2013 में चुनाव प्रभारी बनकर आया था तब कहा था कि 2014 में ऐसी जीत हासिल करनी है, जिससे 2017 की नींव पड़ जाए। केंद्र और प्रदेश सरकार ने ऐसा काम किया है कि अब 2022 और 2024 की नींव पड़ चुकी है। जो काम हो चुके हैं, बस उन पर ही हम सभी को आगे बढ़ना है। यूपी का चुनाव युग परिवर्तन का चुनाव है। यह देश की दशा और दिशा को तय करेगा। कहा कि हमने अपनी कल्पना का भारत बनाने के लिए सरकार बनाई है।
दूसरे दल में शामिल होने की इच्छा रखने वालों को जोड़ें
सूत्रों के मुताबिक गृहमंत्री ने पार्टी नेताओं से कहा कि चुनाव से पहले दूसरे दलों में शामिल होने की इच्छा रखने वाले नेताओं की पहचान करें और उन्हें अपने साथ जोड़ें। बसपा कमजोर हुई है और उसके परंपरागत वोटरों को हमें अपने पक्ष में करना है। 2014 में बसपा की फूट का लाभ हमें मिला था। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के चुनाव में सपा, बसपा और कांग्रेस हमको मिलकर नहीं हरा सकती हैं। यह बात प्रमाणित हो चुकी है। जनता के बीच भी यह बात जानी चाहिए कि एक तरफ भाजपा और दूसरी तरफ पूरा विपक्ष है।