अमेरिकी राष्ट्रपति परिवार संग ताज के दीदार के अलावा पूर्वांचल की लोक कलाओं का लेंगे आनंद
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, पत्नी मेलानिया और उनकी बेटी इवांका का सोमवार को भारत में आगमन हो रहा है। इस दौरान वह आगरा में ताज का दीदार करेंगे। उनके आगमन को लेकर प्रदेश सरकार द्वारा भी उनके स्वागत की व्यापक तैयारियां की गई हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति को प्रदेश की विविध लोक कलाओं से अवगत कराने के लिए कलाकारों को आगरा बुलाया गया है। इसी क्रम में आजमगढ़ से भी दो लोक कलाकारों को अमेरिकी राष्ट्रपति के समक्ष अपनी कला का प्रदर्शन करने के लिए बुलाया गया है।
अमेरिकी राष्ट्रपति को पूर्वांचल की लोक कलाओं से रूबरू कराने की जिम्मेदारी धोबिया नृत्य के दो कलाकारों को सौंपी गई है। इन दोनों कलाकारों को इस दौरान कार्यक्रम प्रस्तुत करने के लिए उप्र संस्कृत विभाग की ओर से फोन करके बुलाया गया है। लालगंज तहसील क्षेत्र के उबारपुर गांव निवासी उमेश कन्नौजिया धोबिया नृत्य में उस्ताद माने जाते हैं। इनकी टीम में कुल 15 सदस्य शामिल हैं।
उमेश कन्नौजिया और मुन्ना लाल यादव
उप्र संस्कृति विभाग के बुलावे पर वह अपनी टीम के साथ शनिवार की रात कार्यक्रम प्रस्तुत करने के लिए आगरा रवाना हो गए। इस कार्यक्रम में बुलावे पर उमेश कन्नौजिया और उनकी टीम की खुशी का ठिकाना नहीं है। उमेश ने बताया कि हमारे लिए यह गौरव की बात है कि दुनिया के सबसे ताकतवर देश में प्रमुख के समक्ष हमें पूर्वांचल की लोक कला को प्रस्तुत करने का अवसर मिल रहा है।
इस बात को लेकर हम और हमारे साथी काफी उत्साहित हैं। दूसरे कलाकार मुन्ना लाल यादव मेंहनगर तहसील के जियापुर गांव के निवासी हैं। यह बिरहा गीतों को गाने के साथ ही धोबिया नृत्य को भी आगे बढ़ाते हैं। उन्हें भी उप्र संस्कृति विभाग द्वारा इस कार्यक्रम में प्रस्तुति देने के लिए बुलाया गया है। शनिवार को अपनी 32 सदस्यीय टीम के साथ आगरा रवाना हो गए।
मुन्ना लाल यादव का कहना है कि विलुप्त हो रही कलाओं को बचाने के लिए सरकार की यह पहल सराहनीय है। इस तरह से गांव की लोक कलाओं को आगे बढ़ाया जा सकता है। आज कठघोड़वा, धोबिया, कहंरवा आदि लोकनृत्य विधा विलुप्त होने की कगार पर पहुंच गई है। यह कार्यक्रम न सिर्फ हम कलाकारों को प्रेरित करेगी बल्कि इन कलाओं को आगे बढ़ाने का मौका भी देगा। अमेरिकी राष्ट्रपति के समक्ष अपनी कला के प्रदर्शन को लेकर हमारी टीम के सभी सदस्य बहुत ही रोमांचित हैं।