Donation: अमेरिका के उद्यमी ने अपने पिता के सम्मान में IIT BHU को दिए पौने 8 करोड़ रुपये, पुस्तकालय का बदलेगा नाम
अमेरिका के बोस्टन आधारित उद्यमी एवं समाजसेवी श्रीदेश देशपांडे ने अपने पिता के सम्मान में आईआईटी बीएचयू को एक मिलियन यूएस डॉलर का अनुदान दिया है। श्रीदेश देशपांडे के पिता आईआईटी बीएचयू के पूर्व छात्र हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (बीएचयू) में खूब धनवर्षा हो रही है। आईआईटी बीएचयू को एक मिलियन यूएस डॉलर का अनुदान मिला है। भारतीय मुद्रा में यह राशि पौने आठ करोड़ रुपये से ज्यादा है। अमेरिका के बोस्टन आधारित उद्यमी एवं समाजसेवी श्रीदेश देशपांडे और उनकी पत्नी जयश्रीदेश पांडे ने यह दान अपने पिता श्रीनिवास देशपांडे के सम्मान में दिया है।
श्रीनिवास देशपांडे आईआईटी बीएचयू (तत्कालीन आईटी) के वर्ष 1948 बैच के स्नातक हैं। यूएस आधारित स्वयं सेवी और गैर-लाभकारी संस्था आईआईटी (बीएचयू) फाउंडेशन ने यह सूचना दी। श्रीदेश देशपांडे के मुताबिक, उनके पिता श्रीनिवास देशपांडे का जन्म दो मार्च 1925 को हुआ।
1948 में बीएचयू से औद्योगिक रसायन विज्ञान में प्रथम श्रेणी में बीएससी पूरा करने के बाद उन्होंने अगले 31 वर्ष सार्वजनिक क्षेत्र में काम किया। 1980 में संयुक्त श्रम आयुक्त के रूप से कर्नाटक सरकार से सेवानिवृत्त हुए। इसके बाद उन्होंने हुबली में चिन्मय मिशन के अध्यक्ष और फिर शरीफ ट्रस्ट के अध्यक्ष के रूप में कार्य किया। वो देशपांडे फाउंडेशन द्वारा किए जा रहे कार्यों के लिए वे प्रेरणा के स्रोत रहे हैं।
पुस्तकालय का होगा नामकरण
श्रीदेश पांडे ने कहा कि बीएचयू के प्राचार्य डॉ. गोडबोले के साथ एक संयोगवश मुलाकात ने मेरे पिता को इस विश्वविद्यालय में शिक्षा के लिए प्रेरित किया और इस विश्वविद्यालय ने उनका और हमारे परिवार का जीवन बदल दिया। हमें उम्मीद है कि इस विनम्र उपहार का भविष्य में पुस्तकालय के सैकड़ों लोगों के जीवन पर समान प्रभाव पड़ेगा।
आईआईटी (बीएचयू) फाउंडेशन के अध्यक्ष अरुण त्रिपाठी ने कहा हम देशपांडे और उनकी पत्नी जयश्री के इस महत्वपूर्ण उपहार के लिए आभारी हैं। श्री देशपांडे एक प्रसिद्ध समाज सेवी हैं। हम सौभाग्यशाली हैं कि श्रीनिवास देशपांडे हमारे पूर्व छात्र रहे और दूसरों की मदद करने की उनकी प्रतिबद्धता से हम प्रेरित हैं। फाउंडेशन के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स ने भी इस उपहार के लिए अपना हार्दिक आभार व्यक्त किया है।
आईआईटी बीएचयू के निदेशक प्रो. प्रमोद कुमार जैन ने श्रीदेश पांडे और उनकी पत्नी जयश्री को धन्यवाद दिया। कहा कि यह विशिष्ट पूर्व छात्रों की उपलब्धियां हैं जो भविष्य के प्रौद्योगिकी लीडरों को प्रशिक्षित करने के लिए संकाय सदस्यों और कर्मचारियों को प्रेरित करती हैं। हमें उनके सम्मान में पुस्तकालय का नामकरण करते हुए अत्यंत प्रसन्नता हो रही है।
पुस्तकालय नामकरण समारोह 24 जून 2022 को सुबह 9:30 बजे परिसर में आयोजित किया जाएगा। समारोह का प्रसारण ऑनलाइन माध्यम से किया जाएगा और इसे आईआईटी (बीएचयू) फाउंडेशन के सोशल मीडिया हैंडल पर भी लाइव प्रसारण किया जाएगा।