मिर्जापुर : अमर उजाला भविष्य ज्योति सम्मान में मेधावी हुए पुरस्कृत, डीएम ने पढ़ाया सफलता का पाठ
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सफलता कठिन मेहनत व अनुशासन से ही प्राप्त होती है। विद्यार्थी जीवन मनुष्य के जीवन का स्वर्णकाल है। यदि इसमें वह संभल जाता है तो सफलता उसके कदम चूमती है। यह कहना है मिर्जापुर के डीएम अनुराग पटेल का। वह 26 जून को हुए अमर उजाला भविष्य ज्योति सम्मान समारोह में जिले के मेधावी बच्चों को सम्मानित कर रहे थे। इस अवसर पर 50 बच्चों को सम्मानित किया गया।
लोहिया तालाब स्थित डैफोडिल्स पब्लिक स्कूल में बुधवार को आयोजित इस समारोह में यूपी बोर्ड, सीआइसीएसई व सीबीएसई बोर्ड के जिले में स्थान बनाने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किय गया। मुख्य अतिथि डीएम अनुराग पटेल ने कहा विद्यार्थी जीवन में विद्यार्थियों के लिए सिर्फ एक कार्य होता है पढ़ना और सिर्फ पढ़ना। उनके लिए दूसरा कोई काम नहीं होता।
डीएम ने आगे कहा कि बच्चों की फीस से लेकर हर जरूरत माता-पिता पूरी करते हैं। भले ही वह जैसे करते हों, इसलिए बच्चों को भी चाहिए कि वह कठिन परिश्रम कर अपने लक्ष्य को हासिल करें। याद रहे लक्ष्य को प्राप्त करने का यही समय है और बिगड़ने का भी यही समय है।
डीएम ने विद्यार्थी के पांच लक्षणों को बताते हुए ईमानदारी व मेहनत से अध्ययन करने की नसीहत दी। विशिष्ट अतिथि पुलिस अधीक्षक अवधेश कुमार पांडेय ने कहा अनुशासन से ही लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति एपीजे कलाम के वक्तव्य को प्रस्तुत करते हुए कहा कि उन्होंने कहा था कि जिसमें अनुशासन नहीं है वह सफल नहीं हो सकता।
प्रकृति का उदाहरण देते हुए कहा कि प्रकृति की हर चीज अनुशासित है। इसलिए वह हर स्तर पर सफल है। जो प्रकृति का अनुशासन नहीं मानते वह लक्ष्य से भटक जाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे मेहनत करें और परा के साथ अपरा विद्या पर भी ध्यान दें।
जिला विद्यालय निरीक्षक देवकी सिंह ने मेधावी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि वे अभिभावक व शिक्षक बधाई के पात्र हैं जिनके बच्चों ने सफलता हासिल की है। उन्होंने कहा कि उनकी कामना है कि ये बच्चे भविष्य में ऐसी सफलता हासिल करें कि उनके परिवार के साथ ही समाज व देश का नाम भी रोशन हो।
डैफोडिल्स पब्लिक स्कूल के डायरेक्टर अमरदीप सिंह ने मेधावी बच्चों को शुभकामना दी और कहा कि विद्यार्थियों को डीएम व एसपी के साथ डीआइओएस ने जो नसीहत दी है उस पर वह मनन करें। क्योंकि यह केवल सीख ही नहीं है यह अनुभव है और उनको इसका लाभ उठाना चाहिए।
सुबह 10 बजे से ही शुरू हो गया था पंजीकरण :
समारोह के लिए अभिभावकों व बच्चों का पहुंचना सुबह से ही शुरू हो गया था। पहले उनका पंजीकरण हुआ और उसके बाद अतिथियों के आने पर उनका सम्मान किया गया। मेधावियों को प्रशस्ति पत्र व मेडल प्रदान किए गए। इसके पूर्व अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का आरंभ किया। अमर उजाला की ओर से अतिथियों को तुलसी का पौधा स्मृति चिन्ह के रूप में प्रदान किया गया।
कक्षा 12 के सुरेंद्र सिंह सोहेल ने कहा कि सफलता के लिए नियमित अध्ययन करना बहुत जरूरी है। प्रतिदिन अध्ययन करने का यह लाभ होता है कि सिर पर बोझ नहीं रहता। शिक्षकों की सलाह समय- समय पर लेना अति आवश्यक है।
कक्षा 12 के ही सत्यम सिंह ने बताया कि परीक्षा के समय दिमाग को हल्का रखना चाहिए। इसीलिए नियमित अध्ययन करना चाहिए। इससे घबराहट नहीं होती। देश- विदेश की जानकारी के लिए अमर उजाला अच्छा अखबार है।
कक्षा 10 के छात्र सत्यम कुमार का कहना है कि विद्यालय की पढ़ाई विषय वस्तु को तैयार करने के लिए पर्याप्त होती है। इसके साथ ही यह जरूरी है कि लोग स्वत: ही अध्ययन करें। पढ़ाई के बीच में मनोरंजन करने से भी मस्तिष्क हल्का रहता है। संध्या पटेल ने कहा कि मेरे घर से विद्यालय कुछ दूरी पर है। इसलिए आने जाने में परेशानी होती थी लेकिन घर वालों के सहयोग से पढ़ाई में कोई परेशानी नहीं हुई। स्कूल में भी टीचरों ने इतनी अच्छी तैयारी करा दी कि परीक्षा के समय कोई डर नहीं लगा।