Agnipath Yojana Protest: वाराणसी में जमकर हंगामा, बसों- वाहनों पर पथराव, चार घंटे तक रही अफरातफरी
अग्निपथ योजना के विरोध में पूर्वांचल के अलग-अलग जिलों से वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन पहुंची युवाओं की भीड़ ने स्टेशन परिसर के बाहर हंगामा किया। रोडवेज और इंग्लिशिया लाइन में वाहनों पर पथराव किया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अग्निपथ के विरोध में शुक्रवार सुबह से ही प्रदर्शनकारियों ने जगह-जगह जमकर उपद्रव किया। कैंट रेलवे स्टेशन स्थित यार्ड के ट्रैक पर आग लगा दी। लहरतारा, कैंट और चौकाघाट के पास रोडवेज की डेढ़ दर्जन और आधा दर्जन प्राइवेट बसों को क्षतिग्रस्त कर दिया। विद्यापीठ रोड व इंग्लिशिया लाइन पर ऑटो और दुकानों पर पत्थर बरसाए।
सिगरा थाने के सिपाही को भीड़ ने घेराकर पीट दिया। सिगरा इंस्पेक्टर, नदेसर चौकी इंचार्ज, कांस्टेबल चोटिल हो गए। आशापुर में प्रदर्शनकारियों को काबू में करने के लिए सारनाथ पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पडे़। कई उपद्रवियों को पुलिस और स्थानीय युवकों ने दौड़ा-दौड़ाकर पीटा।
कैंट स्टेशन के आसपास दुकानों पर युवकों ने लूटपाट की। जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा और पुलिस आयुक्त ए सतीश गणेश ने कैंट स्टेशन पर रेल अधिकारियों संग बैठक की। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए रखा। सिगरा पुलिस ने नौ प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया। वहीं, 27 प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। 50 से अधिक चिह्नित किए गए हैं। ग्रामीण इलाकों में युवकों के उत्पात को देख पुलिस सतर्क रही।

सुबह साढे़ आठ बजे के बाद 60 से 70 प्रदर्शनकारियों के हुजूम ने कैंट रेलवे स्टेशन को घेरने की कोशिश की। सूचना मिलते ही कमिश्नरेट की फोर्स सड़कों पर उतर आई। सिगरा और चेतगंज थाने की फोर्स ने कैंट स्टेशन पर स्थिति को संभालने का प्रयास किया, लेकिन उपद्रवियों ने मालगोदाम की ओर से यार्ड में प्लेटफार्म नंबर आठ की ओर जाने वाली ट्रैक पर टायर जला दिया।
निर्माणाधीन प्लेटफार्म नंबर दस और ग्यारह के रेलवे ट्रैक को कुछ देर के लिए जाम कर दिया। युवकों की भीड़ देख आरपीएफ और जीआरपी हांफने लगी। कैंट स्टेशन निदेशक आनंद मोहन, पुलिस अधिकारियों और अन्य ने किसी तरह उन्हें समझा बुझाकर हटाया। इसके पूर्व चौकाघाट और कैंट रोडवेज पर प्रदर्शनकारियों ने जमकर तांडव मचाया।
दुकानों में लूटपाट के साथ ही बसों को निशाना बनाया। पुलिसकर्मी और अन्य रोडवेज कर्मी भीड़ के आगे बेबस नजर आए। वहीं, काशी विद्यापीठ रोड और इंग्लिशिया लाइन की ओर दुकानें बंद कराने पहुंचे उपद्रवियों को स्थानीय युवकों ने लाठी डंडों से खदेड़ दिया। पुलिस आयुक्त ए सतीश गणेश के अनुसार तीन थानों में चार मुकदमे दर्ज हुए। कुल 27 प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया गया।
कुछ युवकों के हाथों में दिखी पेट्रोल भरी बोतलें
इंग्लिशिया लाइन के आगे विद्यापीठ रोड पर कई दुकानों को उपद्रवियों ने निशाना बनाया। सिगरा के छित्तूपुर की ओर प्रदर्शनकारियों को स्थानीय युवकों और पुलिस ने दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। इसमें एक युवक की बेरहमी से पिटाई की गई। पिटाई से आक्रोशित उपद्रवियों ने लहरतारा कैंसर अस्पताल के पास रोडवेज सहित प्राइवेट बसों में तोड़फोड़ की। कैंसर अस्पताल के अंदर प्रवेश करने की कोशिश की तो सुरक्षा गार्डों ने कुछ प्रदर्शनकारियों को पीट दिया। लहरतारा पर प्रदर्शनकारियों के हाथ में पेट्रोल की छोटी बोतलें भी रहीं। हालांकि 11 बजे के बाद सड़क पर पर्याप्त फोर्स को देख उपद्रवी भाग खडे़ हुए।
तो भीड़ ले लेती सिगरा थाने के कांस्टेबल की जान
सिगरा इंस्पेक्टर धनंजय पांडेय के अनुसार कैंट स्टेशन पर प्रदर्शनकारियों की भीड़ ने कांस्टेबल सुधांशु शुक्ला को घेर लिया। पत्थरबाजी में मुझे चोटें आई और भीड़ कांस्टेबल सुधांशु की पिटाई के बाद गला दबाने का प्रयास करने लगी। इस बीच रैपिड एक्शन फोर्स और पीएसी के पहुंचने पर भीड़ भाग खड़ी हुई। ठेले खोमचे और दुकानदारों से लूटपाट करते हुए कैंट रोडवेज की ओर गए। सिगरा इंस्पेक्टर और चार सिपाही पत्थरबाजी में चोटिल हुए।
पुलिस आयुक्त ने लिया जायजा
पुलिस आयुक्त ए सतीश गणेश ने कैंट, लहरतारा, चौकाघाट और सिगरा क्षेत्र में भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया। कैंट स्टेशन पर पुलिस आयुक्त और जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने स्टेशन निदेशक आनंद मोहन, आरपीएफ-जीआरपी संग बैठक की। सीसीटीवी फुटेज और वीडियो के आधार पर 50 से अधिक उपद्र्रवियों को चिह्नित किया गया।
नदेसर चौकी इंचार्ज सहित चार पर जानलेवा हमला
कैंट थाने में घौसाबाद निवासी पूर्व छात्रनेता राहुल राज समेत 10 के खिलाफ हत्या के प्रयास, बलवा, मारपीट, धमकी, समेत अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया। राहुल पर आरोप है कि उसके उकसाने पर ही प्रदर्शनकारियों ने नदेसर चौकी इंचार्ज, फुलवरिया चौकी इंचार्ज और दो कांस्टेबल पर जानलेवा हमला किया।
कैंट इंस्पेक्टर प्रभुकांत के अनुसार नदेसर चौकी प्रभारी गौरव पांडेय ने छावनी स्थित एयरफोर्स चौराहे पर प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान इन सभी ने हमला कर दिया। इसमें चौकी प्रभारी गौरव पांडेय, फुलवरिया चौकी प्रभारी कृष्ण मोहन पासवान, हेड कांस्टेबल शिवकुमार राय, मुख्तार को चोटें आईं।
मौके से आजमगढ़ के बिलरियागंज निवासी अंकित पाल, विवेक यादव, सोनू कुमार, अकबरपुर निवासी मनीष कुमार, वाराणसी के सिंधोरा के मुर्दि गरथमा निवासी चंदन यादव, रवींद्रनाथ यादव, चमाऊ गरथमा निवासी ज्ञानेंद्र यादव, विशाल यादव, शुभम यादव को गिरफ्तार किया। पूछताछ में साजिशकर्ता के तौर पर राहुल राज का नाम सामने आया। आरोपी राहुल की तलाश की जा रही है।
जैतपुरा में सिपाही का दबाया गला, नौ नामजद और 105 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज
प्रदर्शनकारियों ने जैतपुरा इंस्पेक्टर के हमराही सिपाही शैलेश कुमार सिंह का गला दबाने का प्रयास किया। इस आरोप में जैतपुरा इंस्पेक्टर ने नौ नामजद और 105 अज्ञात के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया। इंस्पेक्टर जैतपुरा मथुरा राय के अनुसार जौनपुर जलालपुर के बहरीपुर निवासी नवनीत यादव, जलालपुर के तालामझवारा निवासी चंदन यादव, जलालपुर भगारी अभिषेक यादव, जलालपुर के ख्वाजापुर निवासी राहुल पाल, चोलापुर निवासी फैजान अहमद, मऊ के रानीपुर निवासी आशीष चौहान, जौनपुर सुजानगंज बराई निवासी सूरज दुबे, गाजीपुर दुल्लहपुर रेहाटी निवासी सुजीत पांडेय, चोलापुर के गोसाईपुर निवासी आदित्य को गिरफ्तार किया गया। 50 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
वहीं, जैतपुरा थाने में दूसरा मुकदमा 48वीं आईआर वाहिनी के ट्रक चालक असलम अंसारी और संजय चौधरी की तहरीर पर 55 अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ सरकारी वाहन में तोड़फोड़ मारपीट सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया है।
नौ आरोपी हुए गिरफ्तार
सिगरा इंस्पेक्टर के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में गाजीपुर सादात थाने के पचरूखवा गांव निवासी गोविंद यादव, जौनपुर सुजानगंज के नगौली निवासी विजय कुमार, केराकत सैदखानपुर निवासी वकील यादव, चंदवक गोबरा निवासी सूरज यादव, आजमगढ़ तरवा के राशेपुर निवासी मोनू यादव, चोलापुर हथियर निवासी धीरज यादव, चोलापुर के हाजीपुर का रहने वाला दीपक चौहान, रोहनिया के मूड़ादेव निवासी विनोद पाल, चोलापुर के देवराई दान निवासी मोहम्मद सरफराज है।