वाराणसी। स्टांप और नोटरी टिकट की किल्लत और कालाबाजारी के खिलाफ बुधवार को अधिवक्ताओं ने डीएम पोर्टिको में विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान जिलाधिकारी को पत्रक देने पर अड़े अधिवक्ताओं ने नारेबाजी की। जिलाधिकारी कौशलराज शर्मा द्वारा बृहस्पतिवार को पत्रक लेने और अधिवक्ताओं से बातचीत करने का आश्वासन दिया तब जाकर अधिवक्ताओं ने प्रदर्शन समाप्त किया।
बनारस बार एसोसिएशन व सेंट्रल बार एसोसिएशन के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने कहा कि इस समय वाराणसी सहित विभिन्न जनपदों के कोषागारों से 10, 20, 50 व 100 रुपये के स्टांप व नोटरी टिकट नहीं मिल रहे हैं। इससे दिक्कत हो रही है। डीएम पोर्टिको में धरना दे रहे अधिवक्ताओं से पत्रक लेने के लिए एसीएम और एडीएम पहुंचे लेकिन अधिवक्ताओं ने जिलाधिकारी को सिर्फ पत्रक देने पर अड़े रहे। डीएम ने बृहस्पतिवार को 11 बजे पत्रक लेने का आश्वासन दिया तब शाम पांच बजे के बाद अधिवक्ता लौट गए। बनारस बार एसोसिएशन के अध्यक्ष विनोद पांडेय व महामंत्री विवेक सिंह ने कहा कि परिसर में ई स्टांप का सेंटर न होने के कारण कोर्ट परिसर से बाहर जाकर स्टांप लेना पड़ता है। प्रदर्शन में कन्हैयालाल पटेल, अवधेश सिंह, राजा आनन्द ज्योति सिंह, संजय दाढ़ी, अंजनी श्रीवास्तव, सुभाष नन्दन चतुर्वेदी, संदीप सिंह, सच्चा बाबू, विनोद शुक्ल, अनिल पाठक आदि शामिल रहे।