यूपी में दर्दनाक हादसा: गया में पिंडदान के बाद अयोध्या जा रही बस ट्रक से टकराई, 22 यात्री घायल; पहुंची पुलिस
गया में पिंडदान के बाद अयोध्या जा रही यात्रियों से भरी बस वीर कुंवर सिंह सेतु पर ट्रक से टकरा गई। हादसा सुबह करीब चार बजे हुआ, जिसमें 22 यात्री घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को बस से बाहर निकाला। सभी को बक्सर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस हादसे की जांच कर रही है।
विस्तार
गया में पितृपक्ष मेले के दौरान पिंडदान का कार्य संपन्न करने के बाद अयोध्या जा रही यात्रियों से भरी बस सोमवार की भोर में वीर कुंवर सिंह सेतु के नए पुल पर हादसे का शिकार हो गई। करीब सुबह चार बजे बस आगे चल रहे ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में चालक समेत करीब 22 यात्री घायल हो गए। सभी घायलों को बक्सर पुलिस की मदद से बक्सर सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायल खतरे से बाहर हैं।
बताया गया कि बस में सवार सभी यात्री तेलंगाना के रहने वाले हैं। गया में पितृपक्ष मेले में पिंडदान करने के बाद सभी अयोध्या के लिए रवाना हुए थे। वीर कुंवर सिंह सेतु पर पहुंचते ही बस अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। हादसे के बाद पुल पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही बक्सर और नरहीं पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला।
हादसे के बाद क्षतिग्रस्त बस पुल पर ही खड़ी हो जाने से करीब एक घंटे तक आवागमन बाधित रहा। इसके चलते बक्सर से लेकर भरौली गोलंबर के आगे तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। बक्सर पुलिस ने जेसीबी की मदद से क्षतिग्रस्त बस को पुल से हटवाकर भरौली गोलंबर के पास खड़ा कराया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।
घटना की जानकारी मिलते ही बक्सर पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और घायलों के इलाज की व्यवस्था में जुट गई। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में बस के ट्रक से पीछे से टकराने को हादसे का कारण बताया जा रहा है।
घायलों में ये शामिल : के वेणु राव, के राजेश्वरी राव, के नारायण राव, के स्वामी राव, के विजयल राव, के संपत राव, पी इलैया, जी राम रेड्डी, जी राजू रेड्डी, के संपत, वी सर्वैया, बी इलैया, वी रामाराव, टी एहेशिया, पी वेंकट राव, टी संपत राव, टी नरसिंह राव और जी राजेश्वरी राव समेत कुल 22 यात्री।