वाराणसी में वारदातः मायके आई महिला की सिर कूंचकर हत्या, घर से पांच सौ मीटर दूर खून से लथपथ मिला शव
पति की मौत के बाद मीना मायके में भी मकान बनवाई थी। भाई राकेश के अनुसार बुधवार शाम बहन मीना ससुराल से मायके आई थी। सुबह देखा गया तो वह अपने कमरे में नहीं थी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
वाराणसी के एक गांव में महिला की सिर कूंचकर हत्या कर दी गई। बृहस्पतिवार सुबह घर से पांच सौ मीटर की दूर खून से लथपथ शव मिला। घटनास्थल पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों और फोरेंसिक टीम, डाग स्क्वायड ने छानबीन की। मौके से खून से सने बोल्डर और डंडे को फोरेंसिक टीम ने कब्जे में लिया। जमीन का विवाद और रुपये के लेनदेन को लेकर हत्या की आशंका जताई जा रही है।
बड़ागांव थाना अंतर्गत अनौरा गांव निवासी मीना चौहान (40) की शादी जौनपुर के लाइन बाजार थाना अंतर्गत मुरादगंज निवासी हीरालाल से हुई थी। 10 वर्ष पूर्व पति हीरालाल की मौत हो गई थी। पति की मौत के बाद मीना मायके में भी मकान बनवा रखा था। भाई राकेश के अनुसार बुधवार शाम बहन मीना ससुराल से मायके आई थी।
सुबह देखा गया तो वह अपने कमरे में नहीं थी। खोजबीन करने पर घर से पांच सौ मीटर दूर स्थित एक बाउंड्रीवाल के पास बहन का खून से लथपथ शव मिला। हत्या की सूचना ग्राम प्रधान ने पुलिस को दी। इसके बाद मौके पर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक अतिरिक्त, सीओ बड़ागांव, थानाध्यक्ष बड़ागांव, फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड पहुंचकर छानबीन शुरू की।
अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज
भाई का आरोप है कि बोल्डर से और डंडे से वार कर महिला की हत्या की गई है। घटनास्थल पर डाग स्क्वायड शव के पास से पहले एक मंदिर पर पहुंचा, उसके बाद गन्ने के खेत के किनारे से होते हुए गांव में पहुंचा। भाई की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। सीओ बड़ागांव जगदीश काली रमन ने बताया कि महिला की हत्या के बाद से ही उसका मोबाइल गायब है। वारदात की तफ्तीश के लिए पुलिस व क्राइम ब्रांच की दो टीमें गठित की गई है।
मोबाइल से खुल सकता है राज, करीबी पर शक
बड़ागांव पुलिस की तफ्तीश में सामने आया कि जमीन विवाद और रुपये की लेनदेन को लेकर हत्या की गई है। महिला का मोबाइल गायब है। आशंका यह है किसी करीबी ने ही वारदात को अंजाम दिया है। मीना ने कुछ माह पहले ही ससुराल में जमीन बेची थी और कुछ जमीन का सट्टा होने वाला था। पुलिस के अनुसार संपत्ति विवाद व अन्य कई पहलुओं को केंद्र में रखकर तफ्तीश की जा रही है। पुलिस के अनुसार घटना को अंजाम देने वाला कोई करीबी ही है। मीना का एक बेटा गोलू (15) है, जो रामनगर स्थित बुआ के घर रहता है।