वाराणसी: बीएचयू अस्पताल की आयुर्वेद ओपीडी में घुसा कोबरा, फन उठाते ही मरीजों में मची भगदड़
वाराणसी स्थित बीएचयू अस्पताल परिसर में शनिवार दोपहर करीब एक बजे सीसीआई लैब रिपोर्ट काउंटर के सामने सांप दिखाई देने से हड़कंप मच गया। करीब पांच फीट लंबे सांप को लोगों ने कोबरा होने की आशंका जताई। लगभग 15 मिनट बाद सांप आयुर्वेद ओपीडी ब्लॉक में पाइप के रास्ते बाथरूम में घुस गया, जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
विस्तार
काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) अस्पताल परिसर में शनिवार दोपहर सांप निकलने से हड़कंप मच गया। सीसीआई लैब की जांच रिपोर्ट काउंटर के सामने खाली जगह पर फन उठाए सांप को देखकर मरीज और तीमारदार घबरा गए। लोगों ने सांप को करीब पांच फीट लंबा बताया और उसके कोबरा होने की आशंका जताई। करीब 15 मिनट तक एक जगह रहने के बाद सांप आयुर्वेद ओपीडी ब्लॉक की ओर चला गया और वहां पाइप के रास्ते बाथरूम में घुस गया। इस दौरान मौके पर मौजूद लोग दूर हट गए और सुरक्षा कर्मी भी उसके पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा सके।
फन उठाते ही दूर भागे मरीज और तीमारदार
जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब एक बजे सीसीआई लैब की जांच रिपोर्ट काउंटर के सामने उस रास्ते पर सांप दिखाई दिया, जो आयुर्वेद ओपीडी और वार्ड ब्लॉक की ओर जाता है। उस समय वहां मरीज और तीमारदार बैठे हुए थे। सांप ने जैसे ही फन उठाया, वहां मौजूद लोग घबराकर तेजी से दूर भागने लगे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सांप करीब पांच फीट लंबा था। उसे देखकर लोगों ने उसके कोबरा यानी गेहुअन होने की आशंका जताई। कुछ लोग अपने मोबाइल फोन से उसकी तस्वीर और वीडियो बनाने लगे। देखते ही देखते वहां 20 से अधिक लोग जुट गए।
करीब 15 मिनट तक एक जगह रहा सांप
सांप के दिखाई देने की सूचना पर अस्पताल के सुरक्षा कर्मी मौके पर पहुंचे। हालांकि, फन उठाए बैठे सांप के नजदीक जाने की कोई हिम्मत नहीं कर पा रहा था। करीब 15 मिनट तक सांप वहीं रहा। इसके बाद वह पीछे की ओर मुड़ा और आयुर्वेद ओपीडी ब्लॉक की तरफ चला गया।
लोगों के अनुसार, सांप वहां एक पाइप के रास्ते बाथरूम में घुस गया। उसके वहां से हटने के बाद मरीजों और तीमारदारों ने राहत की सांस ली।
जांच और इलाज के लिए आते हैं मरीज
बीएचयू अस्पताल की ओपीडी में वाराणसी सहित दूर-दराज के जिलों से बड़ी संख्या में मरीज इलाज कराने आते हैं। डॉक्टर को दिखाने के बाद कई मरीज जांच और रिपोर्ट के लिए परिसर में अलग-अलग स्थानों पर बैठते हैं। ऐसे में अस्पताल परिसर में सांप दिखाई देने से वहां मौजूद लोगों में डर फैल गया।