आईएमएस बीएचयू में एमडी-एमएस सत्र 2025 में दाखिले के लिए अगले महीने तक प्रवेश की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। प्रवेश को लेकर जो बुलेटिन जारी की गई है। इसमें यह बताया गया है कि दाखिले के लिए अभ्यर्थियों को 5 लाख का एग्रीमेंट बॉन्ड जमा करना होगा। भरे गए परीक्षा फॉर्मों का सत्यापन होने के बाद 40,476 रुपये फीस भी जमा करनी होगी।
नीट पीजी में दाखिले के लिए जारी बुलेटिन के अनुसार अभ्यर्थियों को आवंटन पत्र समेत कई आवश्यक प्रमाणपत्र प्रस्तुत करने होंगे। दस्तावेज में गड़बड़ी मिलने पर आवंटित सीट और दाखिला निरस्त किया जा सकता है। दाखिले के लिए मेडिकल काउंसिलिंग कमेटी (एमसीसी) का सीट आवंटन पत्र, राष्ट्रीय परीक्षा बोर्ड (एनबीई) का प्रवेश पत्र और परिणाम/रैंक पत्र अनिवार्य है। इसके अलावा एमबीबीएस प्रथम, द्वितीय और तृतीय प्रोफेशनल परीक्षाओं की अंकतालिका, डिग्री या प्रोविजनल प्रमाणपत्र, इंटर्नशिप पूर्णता प्रमाणपत्र और एमसीआई/एनएमसी का स्थायी या प्रोविजनल पंजीकरण प्रमाणपत्र देना होगा। इसके अलावा अर्हकारी परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले संस्थान के प्रमुख से चरित्र प्रमाणपत्र, छह पासपोर्ट आकार की फोटो सहित अन्य जरूरी कागजात भी अभ्यर्थियों से लाने को कहा गया है। चिकित्सा संकाय के प्रमुख प्रो. संजय गुप्ता का कहना है कि एमडी, एमएस में दाखिले की प्रक्रिया नियमानुसार संपन्न कराई जाएगी। अगले महीने 20 नवंबर से क्लास शुरू होने की संभावनाएं हैं।