UP Police Re-Exam: पुलिस अभ्यर्थियों के लिए वाराणसी से रोज चलेंगी चार स्पेशल ट्रेनें; बसों में फ्री यात्रा
UP Police Re-Exam: सिपाही भर्ती परीक्षा के अभ्यर्थियों के लिए राहत भरी खबर है। वाराणसी से विभिन्न जिलों में जाने वाले अभ्यर्थियों के लिए चार स्पेशल ट्रेनें रोज चलाई जाएंगी।
विस्तार
बुधवार को उत्तर और पूर्वोत्तर रेल अधिकारियों की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। वहीं, सुरक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर जीआरपी, आरपीएफ और सिविल पुलिस की भी बैठक हुई।
गुरुवार की रात से ही अभ्यर्थियों की जुटान कैंट स्टेशन पर शुरू हो जाएगी। 23, 24 व 25 अगस्त और 30 व 31 अगस्त को दोनों शिफ्ट में परीक्षाएं होंगी। रेल अधिकारियों के अनुसार रोजाना 70 हजार अभ्यर्थियों की जुटान होगी। साथ ही उनके परिजन व सहायक भी होंगे। इस लिहाज से कैंट स्टेशन पर तैयारियां की जा रही हैं। आरपीएफ और जीआरपी के लाउडहेलर को चार्ज किया जा रहा है।
खराब सीसी कैमरे भी दुरुस्त कराए जा रहे हैं। कैंट जीआरपी इंस्पेक्टर हेमंत सिंह ने बताया कि भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था की जा रही है। एफओबी और प्लेटफॉर्मों पर भीड़ इकट्ठा नहीं होने दी जाएगी। ट्रेनों में भी कड़ी निगरानी रखी जाएगी, ताकि किसी अन्य यात्रियों को परेशानियां न हो।
पुलिस अभ्यर्थी रोडवेज बसों में निशुल्क यात्रा कर सकेंगे। इसके लिए वाराणसी परिक्षेत्र के क्षेत्रीय प्रबंधक समेत सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों को भी निर्देशित किया गया है। वर्कशॉप प्रबंधक को भी कहा गया है कि बसें दुरुस्त रखें। डिपो से अधिक से अधिक बसों का संचालन हो, जिस रूट पर अभ्यर्थियों का दबाव अधिक हो, उस रूट पर बसें चलाई जाएं।