जौनपुर : दस पुलिसकर्मियों समेत कोरोना के 31 नए मरीज मिले, एक आशा कार्यकर्ता भी शामिल
- सीएमओ कार्यालय का संविदाकर्मी भी कोरोना संक्रमित
- कुल 31 मरीजों में 16 रामपुर और 13 रामनगर के, पॉजिटिव केस की संख्या 591 हुई
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जौनपुर जिले के रामपुर थाने में तैनात दस पुलिसकर्मियों समेत कोरोना के 31 नए मरीज मिले हैं। शनिवार को आई जांच रिपोर्ट में सीएमओ कार्यालय का एक संविदा कर्मचारी और एक आशा कार्यकर्ता संक्रमित पाए गए हैं। नए मरीजों में 18 प्रवासी, चार दंपती और दो सगी बहनें शामिल हैं।
सर्वाधिक 16 मरीज रामपुर ब्लाक में मिले हैं जबकि रामनगर ब्लाक के 13 मरीज हैं। सभी को पूविवि में बने कोविड-19 के एल-1 अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनके संपर्क में आए लोगों की सैंपलिंग भी कराई जा रही है। जिले में अब तक कुल 591 संक्रमित मरीज मिले हैं, जिनमें से नौ की मौत हो चुकी है। 90 लोगों का इलाज चल रहा है।
रामपुर थाने के तीन पुलिसकर्मी पिछले दिनों कोरोना संक्रमित पाए गए थे। इसके बाद थाने के सभी पुलिसकर्मियों के नमूने जांच के लिए भेजे गए थे। शनिवार को आई रिपोर्ट में दस पुलिसकर्मी पॉजिटिव पाए गए हैं। इसमें आठ की तैनाती यूपी-112 के वाहनों पर है। एएसपी डॉ. संजय कुमार ने बताया कि पहले तीन सिपाहियों संक्रमित मिलने के बाद 24 घंटे के लिए थाने को सील किया गया था।
अब दोबारा थाने को सैनिटाइज कराया जाएगा। 25 पुलिसकर्मियों की रिपोर्ट अभी नहीं आई है। उधर, सीएमओ कार्यालय में संविदा पर तैनात कर्मचारी भी पॉजिटिव पाया गया है। उसकी ड्यूटी गेट पर हर आने-जाने वालों का रिकार्ड रखने और थर्मल स्क्रीनिंग के लिए लगाई गई थी। बृहस्पतिवार को ही कार्यालय में तैनात कोल्ड चेन हैंडलर की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। उसके बाद कर्मचारियों का नमूने जांच के लिए भेजे गए थे।
रामपुर ब्लाक के सुरेरी गांव निवासी आशा कार्यकर्ता ने 30 जून को रामपुर सीएचसी पर सैंपल दिया था। उसकी रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। आशा की ड्यूटी गांवों में जांच में लगाई गई थी। उसके संक्रमित होने के बाद गांव के लोग सहमे हुए हैं।
फिफिऔना गांव में 23 जून को मुंबई से आए वृद्ध (78) और भोड़ा गांव के सिकरौर में मुंबई से ही विमान से 20 जून को आए दंपती की रिपोर्ट भी पॉजिटिव पाई गई है। सिधवन में एक युवक ट्रेन से 21 जून को मुंबई से आया था। सभी भदोही स्टेशन पर उतरे थे। रामपुर के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. प्रभात यादव ने बताया कि सभी मरीजों को अस्पताल भेज दिया गया है। उनके संपर्क में आए लोगों की पहचान कर सैंपल लिया जा रहा है।