E Vahan: वाराणसी में 81 दिनों में बिके 2819 इलेक्ट्रिक स्कूटर, हाइब्रिड कारों में 10 दिन की वेटिंग; बुकिंग भी
Varanasi News: पेट्रोल-डीजल संकट के बीच इलेक्ट्रिक और हाइब्रिड वाहनों की मांग तेजी से बढ़ी है। 81 दिनों में 2819 इलेक्ट्रिक स्कूटर बिके, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में 848 बिक्री हुई थी। हाइब्रिड और सीएनजी कारों की बिक्री दोगुनी हो गई है। शादियों के सीजन को देखते हुए लोग अभी से एडवांस बुकिंग करा रहे हैं।
विस्तार
जिले में पेट्रोल और डीजल की हालिया किल्लत के बीच जनता ने अब ईको-फ्रेंडली और किफायती वाहनों का रुख कर लिया है। परिवहन विभाग और वाराणसी ऑटोमोबाइल डीलर एसोसिएशन से प्राप्त आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, शहर में इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर की बिक्री में कई गुना उछाल आया है।
2026 में एक मार्च से 20 मई तक 81 दिनों में रिकॉर्ड 2819 इलेक्ट्रिक स्कूटरों की बिक्री हुई है, जबकि 2025 की समान अवधि में यह आंकड़ा मात्र 848 था। टू-व्हीलर में जहां इलेक्ट्रिक गाड़ियों का डंका बज रहा है, वहीं फोर-व्हीलर सेगमेंट में इलेक्ट्रिक कारों की सीमित उपलब्धता (कमी) के चलते ग्राहकों ने सीएनजी और हाइब्रिड टेक्नोलॉजी वाली गाड़ियों का रुख किया है। इसमें दस दिन की वेटिंग चल रही है।
दस दिनों के भीतर हाइब्रिड और सीएनजी कारों की बुकिंग का ग्राफ अचानक दोगुना हो गया है। ऑटोमोबाइल डीलर एसोसिएशन के अध्यक्ष राजीव गुप्ता ने बताया कि पहले जहां शहर में रोज औसतन 100 हाइब्रिड और सीएनजी गाड़ियां बिक रही थीं, वहीं मौजूदा संकट के दौर में यह आंकड़ा बढ़कर 200 गाड़ियां प्रतिदिन तक पहुंच गया है। साथ ही शोरूम्स में रोज 600 इंक्वायरी आ रही है। स्थिति यह है कि जिन लोगों को दिसंबर के सहालग में कार चाहिए, वे अभी से ही एडवांस बुकिंग और मॉडल की जानकारी ले रहे हैं।
एसोसिएशन के उपाध्यक्ष यूआर सिंह ने बताया कि हाइब्रिड तकनीक की कारें वाराणसी के भारी ट्रैफिक और जाम वाले रास्तों में भी बेहद शानदार और किफायती माइलेज देती हैं, जिसके कारण ग्राहकों का रुझान इसकी तरफ सबसे ज्यादा बढ़ा है। चूंकि ये गाड़ियां पेट्रोल और बैटरी (दोनों) के कॉम्बिनेशन से चलती हैं, इसलिए उपभोक्ताओं को लंबी दूरी तय करने में चार्जिंग का कोई डर नहीं रहता। इस सेगमेंट में लोग टोयोटा की इनोवा को सबसे अधिक पसंद कर रहे हैं।
वर्तमान में बाजार में सीएनजी कारों की कीमत 6 लाख से 15 लाख तक है, जबकि हाइब्रिड मॉडलों की शुरुआती कीमत 14 लाख से 20 लाख रुपये तक जाती है। डीलर्स के मुताबिक, इस समय प्रमुख वाहन कंपनियों के कुल वॉल्यूम में 40 फीसदी हिस्सेदारी अकेले सीएनजी गाड़ियों की हो गई है।
कब कितनी बिकी बाइक
2025
मार्च - 292
अप्रैल - 272
मई - 284
कुल - 848
2026
मार्च - 1132
अप्रैल - 923
मई (20 मई तक) - 764
कुल - 2819