{"_id":"593d99354f1c1b58208b457e","slug":"151497209141-varanasi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"फाइल खोलेगी अवैध वसूली से जुड़े राज","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
फाइल खोलेगी अवैध वसूली से जुड़े राज
Updated Mon, 12 Jun 2017 01:07 AM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विज्ञापन
मुगलसराय/चंदौली।भ्रष्टाचार के आरोपों में घिरे चंदौली के निलंबित उप संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन आरएस यादव की गिरफ्तारी के बाद उनके खास माने जाने वाले विभागीय कर्मचारियों में भी हड़कंप है। अवैध वसूली करते हुए पकड़े गए सिपाही शिव बहादुर और दलाल के पास से पुलिस को जो फाइल मिली है, उसे जांच की महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है। 50 पन्नों की फाइल में ट्रकों से होने वाली करोड़ों रुपये की अवैध वसूली के पूरे रिकार्ड दर्ज हैं। फिलहाल फाइल को सील कर दिया गया है। लेकिन पुलिस टीम मजिस्ट्रेट से आदेश लेकर फाइल की पूरी पड़ताल करेगी। इस कार्यवाही में एआरटीओ और उसके करीबियों के नाम उजागर हो सकते हैं।
हाईवे पर ट्रकों से की जा रही अवैध वसूली में एआरटीओ आरएस यादव के साथ उनके करीबियों की पूरी टीम शामिल है। कुछ सिपाही और एक यात्री कर अधिकारी को निलंबित एआरटीओ का भरपूर संरक्षण प्राप्त है। इसी के चलते आरएस यादव के अवकाश पर होने के बाद भी वसूली चलती रहती थी। इसके लिए एक फाइल तैयार की गई थी। यही नहीं, काली कमाई में किसी प्रकार की अड़चन न आए, इसके लिए चंदौली में अधिकांश समय एआरटीओ प्रशासन का पद खाली ही रहा। ऐसा आरएस यादव की सपा सरकार में पैठ के चलते ही संभव हो सका था। एआरटीओ प्रशासन सौरभ कुमार के स्थानांतरण के बाद दो वर्षों तक इस पद पर किसी की नियुक्ति नहीं की गई और आरएस यादव ही प्रभारी के तौर पर दोनों काम देखते थे। विभाग के एक यात्री कर अधिकारी को यादव का काफी खास माना जाता है। वर्तमान एआरटीओ प्रशासन दिलीप कुमार गुप्ता ने एक माह पूर्व आरटीओ जोनल से यात्री कर अधिकारी की शिकायत कर कार्य में उदासीनता बरतने और कार्यालय में कम आने की बात कही थी। लेकिन आरएस यादव के दबाव में यात्री कर अधिकारी के विरुद्ध भी कोई कार्रवाई नहीं हो सकी।
विज्ञापन
बरामद फाइल मजिस्ट्रेट से आदेश लेकर खोली जाएगी। आरएस यादव को पुलिस रिमांड पर लेने का प्रयास किया जा रहा है। फाइल के आधार पर ही अवैध वसूली से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जाएगी।
विज्ञापन
- संतोष कुमार सिंह, एसपी।