उत्तर प्रदेश में 10 गुना बढ़ा है भ्रष्टाचार : शिवपाल यादव
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि देश और प्रदेश की हालत चिंताजनक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विदेश भ्रमण में लगे हैं तो सूबे के अधिकारी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की बात ही नहीं सुन रहे हैं। सूबे में भ्रष्टाचार 10 गुना ज्यादा बढ़ा है। वे सहतवार के बड़ा पोखरा परिसर में रविवार को नगर पंचायत के पूर्व चेयरमैन बद्रीनाथ सिंह की 18वीं पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे।
प्रसपा अध्यक्ष ने कहा कि मोदी के लोकसभा क्षेत्र में पूरे कार्यकाल के दौरान सिर्फ एक सड़क बनी, जबकि हमारे कार्यकाल में जहां भी आवश्यकता होती थी वहां सड़कें बन जाया करती थीं। दो करोड़ रोजगार देने का वादा करने वाली सरकार में बेरोजगारी से लाचार 21 लोग रोज आत्महत्या कर रहे हैं।
समस्याओं से ग्रस्त होकर 36 व्यापारी प्रतिदिन जान देने पर विवश हो रहे हैं। भाजपा सरकार भाई से भाई को लड़ा रही हैै। लोकतंत्र की हत्या की जा रही हैै। नागरिकता संशोधन कानून के संबंध में किसी पार्टी से राय नहीं ली गई। मोदी देश को कर्ज मुक्त करने का संकल्प लेकर आए थे लेकिन कर्ज बढ़ता ही जा रहा है। आज किसान, गरीब, मजदूर, व्यापारी सभी दुखी तथा परेशान हैं।
उन्होंने कहा कि सीएए और एनआरसी को लेकर जिस तरह से पूरे भारत में जन आक्रोश है। उसको देखते हुए सरकार को तुरंत यह कानून वापस लेना चाहिए। भारत एक संवैधानिक देश है और इस देश का एक संविधान है। संविधान की मर्यादाओं के अनुसार गैरकानूनी चीजों का विरोध होना चाहिए। सीएए और एनआरसी लागू करने से पहले सरकार को विरोधी दलों को विश्वास में लेना चाहिए था। सरकार इसके लिए जो आज जन जागरण कर रही है, उसको कानून बनने से पहले चलाया जाना चाहिए था। कहा कि सरकार लोगों का असल मुद्दों से ध्यान भटका रही है।
आज बहस होनी चाहिए महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार पर लेकिन इस पर बात न कर सरकार ध्यान भटकाने का काम कर रही है। श्री यादव ने कहा कि इस देश में जीने का सबको समान अधिकार है। धर्म और जाति के आधार पर राजनीति नहीं हो सकती है। इस देश की जनता ने जब-जब अन्याय और अत्याचार बढ़ा है उसके खिलाफ संघर्ष किया है। केंद्र और प्रदेश सरकार पूरी तरह से जनता की अपेक्षाओं पर विफल है। सरकार द्वारा विरोधी पक्ष को पाकिस्तान और इमरान की भाषा की संज्ञा देने के सवाल पर कहा कि सरकार में रहकर संवैधानिक पदों का ध्यान देना चाहिए। कोई इमरान और पाकिस्तान की भाषा नहीं बोल रहा है।
बद्रीनाथ सिंह को गरीबों का मसीहा बताते हुए यादव ने कहा कि बद्री बाबू के रग-रग में सेवा का भाव भरा था। अपने पिता के बताए मार्ग पर चलने के लिए उन्होंने नीरज सिंह गुड्डू को बधाई दी। इससे पूर्व बद्रीनाथ सिंह सेवा संस्थान की ओर से शिवपाल सिंह यादव को 101 किलो की माला पहनाई गई, चांदी का मुकुट व स्मृति चिह्न एवं अंगवस्त्रम भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यकर्ताओं में रही सेल्फी की होड़
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ सेल्फी लेने का क्रेज दिखा। छोटा हो या बड़ा हर कार्यकर्ता शिवपाल संग सेल्फी ले रहा था। इसके अलावा बड़े पोखरे के सुंदरीकरण को भी लोग मोबाइल में कैद करते रहे।