Unnao: अल सुपर स्लाटरहाउस में आयकर की जांच जारी, छह सदस्यीय टीम फैक्टरी में मौजूद
दही औद्योगिक क्षेत्र में स्थित अल सुपर स्लाटरहाउस में 31 घंटे से आयकर की जांच चल रही है। फैक्टरी में छह सदस्यीय टीम मौजूद है। अभिलेखों की जांच के साथ मैनेजर से भी पूछताछ हो रही है।
विस्तार
उन्नाव जिले के दही औद्योगिक क्षेत्र में स्थित मांस निर्यातक अल सुपर स्लाटरहाउस में 31 घंटे से अधिक समय से आयकर की जांच जारी है। बंदी समाप्त होने के बाद भी दूसरे दिन मवेशी अंदर नहीं लिए गए। आयकर अधिकारियों ने अभिलेखों की जांच के साथ मैनेजर से भी पूछताछ शुरू की है।
शनिवार सुबह 11 बजे आयकर की छह सदस्यीय टीम ने स्लाटरहाउस में छापा मारा था। रविवार शाम छह बजे तक टीम सीआरपीएफ जवानों के साथ फैक्टरी में मौजूद रही। फैक्टरी गेट पर सीआरपीएफ के दो, दो जवान तैनात हैं। बंदी समाप्त होने के बाद भी फैक्टरी में काम शुरू नहीं हो सका।
स्लाटरिंग के लिए लाए गए मवेशियों को अंदर इंट्री नहीं दी गई। सूत्रों की मानें तो मीट सप्लाई के सापेक्ष विदेशों से होने वाले लेनदेन और पशु सप्लायर को भुगतान के तरीकों की जांच की जा रही है। एचआर, लाइजनिंग और टेक्निकल मैनेजर सहित एकाउंट सेक्शन से जुड़े कर्मचारियों से भी टीम के अधिकारियों ने पूछताछ की है।
निर्यात और सालाना टर्नओवर के बारे में जुटाई जानकारी
आयकर अधिकारी स्लाटरिंग से जुड़े एक, एक बिंदु पर पूछताछ कर रहे हैं। किस देश को मांस निर्यात किया जाता है, कितना सालाना टर्नओवर है और इसके सापेक्ष कितना टैक्स जमा किया जाता है आदि पर जांच की जा रही है। मैनेजर से खाते से जुड़ी जानकारियां ली जा रही हैं।