यूपी: शामली में नए पुलिस कार्यालय का शुभारंभ करने पहुंचे डीजीपी, पांच छात्राएं भी होंगी सम्मानित
सीओ सिटी विनय गौतम के अनुसार डीजीपी प्लेन से पहले दिल्ली और वहां से कार से शामली पहुंचे। शहर से सटे गोहरनी गांव स्थित पुलिस कार्यालय के नवीन कार्यालय का उनके द्वारा शुभारंभ किया। इसके बाद भव्य समारोह का आयोजन किया जा रहा है।
इसमें जनपद के सांसद, विधायक आदि जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है। एसपी अजय कुमार के अनुसार समारोह में प्रत्येक थाने के एक एक ग्राम सेवक (चौकीदार) और हाल ही में कांवड़ यात्रा के दौरान अच्छा कार्य करने वाले एक-एक सुरक्षा मित्रों को भी सम्मानित किया जाएगा।
आरएसएस इंटर कालेज की इन छात्राओं को मिलेगा सम्मान
अमर उजाला फाउंडेशन के अपराजिता अभियान के अंतर्गत झिंझाना के राष्ट्रीय शिक्षा सदन इंटर कालेज में सात मई को पुलिस की पाठशाला का आयोजन किया गया था। एसपी अजय कुमार छात्राओं से रूबरू हुए थे। उन्हें शिक्षा और सेल्फ डिफेंस संबंधी टिप्स दिए थे। बाद में एसपी ने छात्राओं ने क्या सीखा इसकी परख के लिए छात्राओं से सवाल किए थे।
इनमें एकदम सटीक जवाब देने वाली पांच छात्राओं कक्षा 10 की अलजहीन, ज्योति, कक्षा 11 की छात्रा दीपांशी और खुशी बंसल के अलावा कक्षा 12 की छात्रा उजमा मंसूरी को एसपी ने चिह्नित किया था और उन्हें पुलिस प्रशासन की ओर से सम्मानित करने का निर्णय लिया था। एसपी अजय कुमार ने बताया कि समारोह में इन पांचों छात्राओं को डीजीपी द्वारा सम्मानित किया जाएगा।