सहारनपुर: स्कूल वैन में लगी आग, तीन बच्चों की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तरप्रदेश के सहारनपुर जिले के जैनपुर गांव में बिना मान्यता के चल रहे स्कूल की वैन में सोमवार दोपहर आग लगने से भाई-बहन समेत तीन बच्चों की मौत हो गई। देखते ही देखते आग का गोला बने वैन में नौ बच्चे बुरी तरह झुलस गए।
वैन घरेलू एलपीजी सिलेंडर से चलाई जा रही थी। डीएम के निर्देश पर स्कूल संचालक, चालक और खंड शिक्षा अधिकारी के खिलाफ गैरइरादन हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मरने वाले तीनों बच्चे रसूलपुरखेड़ी गांव के थे।
ओमनी वैन में लगी आग
झुलसे आठ बच्चे भी इसी गांव के हैं। एक बच्चा कुतुबपुर लबडेला का है। पुलिस ने स्कूल संचालक अनुज कुमार को गिरफ्तार कर लिया है।
जैनपुर गांव की संकरी गली में बिना मान्यता के चल रहे भगवती विद्या पब्लिक स्कूल की मारुति ओमनी वैन में लगी गैस किट में सोमवार दोपहर आग लग गई। स्कूल की छुट्टी के बाद करीब साढ़े बारह बजे वैन बच्चों को छोड़ने जा रही थी।
शीशा तोड़कर नौ बच्चों को निकाला
रास्ते में यह हादसा हो गया और जरा सी देर में पूरी वैन आग का गोला बन गई। आग लगने से वैन में बैठे बच्चों में चीख-पुकार मच गई। लोगों ने वैन का शीशा तोड़कर नौ बच्चों को बाहर निकाला।
रसूलपुर खेड़ी निवासी रामशहजाद की बेटा अंकुश(5), बेटी वंशिका (6) और इसी गांव के पिंटू का पांच वर्षीय बेटा दीपांशु की जलकर मौत हो गई। आग में बुरी तरह जले तीनों बच्चों के शव काले पड़े हुए थे। घायल बच्चों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अभिभावकों में कोहराम मच गया
जानकारी मिलने पर एसएसपी राजेश कुमार पांडेय मौके पर पहुंचे। उनकी प्राथमिक जांच में मारुति ओमनी वैन को घरेलू गैस सिलेंडर से चलाया जा रहा था।
कंडम हालत में संचालित की जा रही वैन में शार्ट सर्किट से गैस में आग लगने की आशंका व्यक्त की जा रही है। उधर, जिला अस्पताल पहुंची जिलाधिकारी संध्या तिवारी ने गंभीर झुलसे बच्चों को बेहतर इलाज के निर्देश दिए।
उन्होंने स्कूल संचालक अनुज कुमार, वैन चालक अर्जुन और खंड शिक्षा अधिकारी मनोज गुप्ता के खिलाफ रिपोर्ट के निर्देश दिए। पुलिस ने स्कूल संचालक अनुज कुमार को गिरफ्तार कर लिया।