प्रतापगढ़ : चुनावी रंजिश में भाजपा नेता समेत दो लोगों को मारी गोली
- दस राउंड फायरिंग से बाजार में मची भगदड़, चुनावी रंजिश में जानलेवा हमले का आरोप, एक आरोपी हिरासत में
विस्तार
रानीगंज इलाके में रविवार को चुनावी रंजिश में चाय पी रहे भाजपा कार्यकर्ता समेत दो लोगों को प्रधान पक्ष के लोगों ने गोली मार दी। बाजार में करीब दस राउंड फायरिंग होने से भगदड़ मच गई। आनन-फानन में घायलों को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। वहां दोनों की हालत गंभीर देख डाक्टरों ने एसआरएन रेफर कर दिया। उधर, घटना के बाद एक आरोपी को पुलिस ने हिरासत में लिया है।
रानीगंज थाना क्षेत्र के संडौरा निवासी अमित कुमार तिवारी उर्फ मोनू तिवारी (26) भाजपा कार्यकर्ता हैं। उन्होंने इस बार पंचायत चुनाव में प्रधान पद के लिए गांव के जयप्रकाश चौरसिया (25) को मैदान में उतारा था। जयप्रकाश को चुनाव में हार मिली थी। रविवार दोपहर करीब दो बजे मोनू तिवारी और जयप्रकाश हरिहरगंज बाजार स्थित राकेश सोनी की दुकान पर चाय पीने के लिए बैठे थे। तभी थाहीपुर की ओर से चार बाइक से आठ लोग वहां पहुंचे। बाइक से उतरते ही राकेश सोनी की दुकान पर चाय पीने बैठे मोनू व जयप्रकाश पर फायरिंग शुरू कर दी।
गोली लगने से मोनू और जयप्रकाश खून से लथपथ होकर गिर पड़े। करीब दस राउंड फायरिंग के चलते बाजार में भगदड़ मच गई। लोग अपनी जान बचाकर छिप गए। हमलावर असलहा लहराते हुए संडौरा की ओर भाग निकले। आसपास के लोगों की मदद से दोनों को सीएचसी ले जाया गया। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने दोनों को मेडिकल कालेज भेजा।
यहां उनकी हालत गंभीर देख बेहतर एसआरएन रेफर कर दिया गया। उधर, घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने खोखा बरामद किया। सीओ रानीगंज डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि घायल मोनू व जयप्रकाश ने जानकारी दी कि चुनावी रंजिश व विकास कार्यों में अनियमितता की शिकायत करने पर प्रधान सगीर व उसके बेटों समेत अन्य लोगों ने घटना को अंजाम दिया है। आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है।
रानीगंज केे हरिहरगंज बाजार में रविवार को चहल-पहल थी। दूरदराज के लोग दुकानों पर खरीदारी करने पहुंचे थे। अचानक फायरिंग से भगदड़ मच गई। घटना के बाद पूरे बाजार में सन्नाटा पसर गया। हर कोई घटना से भयभीत दिखा। पुलिस लोगों से घटना की जानकारी करने के लिए प्रयास करती रही।
शौचालय व पंचायत भवन के निर्माण में अनियमितता की शिकायत बनी वजह
रानीगंज केे संडौरा में प्रधान सगीर द्वारा कराए गए विकास कार्यों के साथ ही सामुदायिक शौचालय व पंचायत भवन के निर्माण में अनियमितता की शिकायत मोनू और प्रधान पद के प्रत्याशी रह चुके जयप्रकाश ने की थी। निर्माण कार्य की जांच के लिए रविवार को टीम आने की सूचना मिली थी। जिसके लिए मोनू व जयप्रकाश भी गांव में ही डटे थे। टीम आने में विलंब की जानकारी मिलने पर मोनू व जयप्रकाश हरिहरगंज बाजार चाय पीने चले गए। मौका पाते ही हमलावरों ने दोनों को गोली मार दी। मोनू तिवारी को तीन जयप्रकाश को दो गोलियां लगी हैं।
पहले भी धमकी देने की बात आई सामने
पंचायत चुनाव संपन्न होने के बाद हारे उम्मीदवार जयप्रकाश व भाजपा कार्यकर्ता मोनू तिवारी लगातार चुनाव जीतने वाले प्रधान सगीर द्वारा कराए गए विकास कार्यों का ब्यौरा जुटा रहे थे। प्रधान पद पिछड़ी जाति के लिए आरक्षित था। इस मामले में भी दोनों ने शिकायत की थी। बाजार के लोगों का कहना था कि अक्सर बाजार में बैठकी के दौरान प्रधान शिकायत करने वालों को देख लेने की धमकी देता था। हालांकि दोनों ने पुलिस से कोई शिकायत नहीं की थी।