Pratapgarh : छत के रास्ते घर में घुसे चोरों ने आभूषण समेत लाखों की नकदी पर किया हाथ साफ
छत के रास्ते घर में घुसे चोरों ने आभूषण समेत लाखों रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। इस दौरान चोरों ने परिजनों को उनके कमरों में बंद कर दिया। हालांकि इसकी जानकारी उन्हें सुबह उठने पर हुई।
विस्तार
छत के रास्ते घर में घुसे चोरों ने आभूषण समेत लाखों रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। इस दौरान चोरों ने परिजनों को उनके कमरों में बंद कर दिया। हालांकि इसकी जानकारी उन्हें सुबह उठने पर हुई। सूचना पर भारी संख्या में पुलिस बल और जांच के लिए फॉरेंसिक टीम पहुंची। दोनों पीड़ितों ने थाने में तहरीर दी है।
बाघराय थाना क्षेत्र के रामपुर कोटवा निवासी शैलेंद्र कुमार शुक्ल व उमेशचंद्र शुक्ल का घर बगल-बगल ही है। इसके साथ ही गांव के कई लोगों की छत एक साथ जुड़ी हुई है। रात में चोर किसी एक छत से चढ़कर शैलेंद्र शुक्ल के छत पर पहुंचे। इसके बाद सीढ़ी के रास्ते अंदर पहुंच गए। इसके बाद परिजनों के सोने वाले कमरों को बाहर से बंद कर दिया। साथ ही कटर से अन्य कमरों की सांकल और सिटकनी काट डाली। इसके बाद शैलेंद्र के घर में रखी 63 हजार की नकदी, अभूषण में झुमके, चेन, अंगूठी समेत अन्य सामान उठा ले गए।
इसके बाद बदमाश उमेशचंद्र के घर में भी छत के रास्ते से अंदर घुसे और कटर की मदद से सांकल और कुंडे काट डाले। इसके बाद उनके घर से 55 हजार रुपये के साथ ही लाखों रुपये के आभूषण उठा ले गए। सुबह इन लोगों के उठने पर लूट होने की जानकारी हुई। शोर शराबा होने पर भारी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। सूचना पर पुलिस भी पहुंची। जांच के दौरान कुछ दूरी पर अटैची व बक्सा भी मिल गया। उधर, सूचना पर फोरेंसिक टीम ने भी पहुंचकर सैंपल लिए। दोनों पीड़ितों ने तहरीर थाने में दी है। देर शाम पुलिस मुकदमा लिखने की तैयारी करती रही।
महिला के घर में घुसकर ढाई लाख की डकैती
विधवा महिला के घर में घुसकर छह लोगों ने ढाई लाख रुपये के सामान सहित नकदी उठा ले गए। इसके साथ ही उसके साथ मारपीट भी की। महिला ने सुबह इसकी तहरीर थाने में दी है। कोतवाली क्षेत्र के शाहजमालपुर गांव निवासी सलमाबानो ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि शनिवार की रात में वह सो रही थी। रात में अपना दरवाजा खुलने की आवाज सुनी तो उसकी आंख खुल गई।
उसने देखा कि उसे छह लोगों ने घेर रखा है। जब तक वह कुछ बोल पाती। उन लोगों ने उसका मुंह दबा दिया। इसके बाद उसकी पिटाई की। साथ ही घर में रखी नकदी के साथ ढाई लाख रुपये का सामान उठा ले गए। पीड़ित महिला ने गांव के ही कुछ लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। पुलिस का कहना है कि महिला का उसके विपक्षियों से लेन-देन को लेकर विवाद है।