प्रतापगढ़ में सपा की जनसभा में बवाल : पूर्व मंत्री शिवाकांत ओझा के समर्थकों ने टिकट दावेदारों को मंच पर पीटा, मुकदमा दर्ज
एक ही विधानसभा से कई दावेदारों के मंच पर मौजूद होने के कारण स्थिति बेकाबू हो गई। सपा से टिकट की दावेदारी कर रहे नेताओं के समर्थकों ने दूसरे दावेदारों के समर्थकों को रोकने टोकने के साथ उनकी आलोचना करने लगे, जिससे स्थिति बेकाबू हो गई और जमकर मारपीट हुई और खुलेआम असलहे लहराए गए। टिकट के दावेदार बृजेश यादव की तहरीर पर पूर्वमंत्री शिवाकांत ओझा, उऩके बेटे प्रांशू ओझा सहित तीन नामजद और 40-50 अज्ञात समर्थकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
विस्तार
रानीगंज विधानसभा क्षेत्र के मिर्जापुर चौहारी में शुक्रवार को आयोजित जनसभा में सपाई आपस में ही भिड़ गए। मंच पर ही दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हुई और असलहे लहराए गए। पूर्व विधायक श्याद अली के साथ अभद्रता करते हुए उनके बेटे को पीटा गया। टिकट के दावेदार बृजेश यादव को भी मंच पर घसीटकर पीटा गया। जान बचाने के लिए पूर्व विधायक को मंच से कूद कर भागना पड़ा। इस मामले में पूर्व मंत्री प्रो. शिवाकांत ओझा, उनके बेटे पूर्व ब्लॉक प्रमुख पूर्णांशु ओझा समेत 53 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
सपा की जनसभा में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मंत्री आरके चौधरी मौजूद थे। बड़ी संख्या में सपा नेता और कार्यकर्ता भी जुटे थे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कुछ सपा नेता पूर्व मंत्री शिवाकांत ओझा को रानीगंज से प्रत्याशी बता रहे थे। कार्यकर्ता उनके पक्ष में जिंदाबाद के नारे लगा रहे थे। यह बातें रानीगंज विधानसभा से टिकट मांग रहे दावेदारों को नागवार गुजरीं। वे नारेबाजी करने वाले लोगों को रोकने लगे।
अपने संबोधन के दौरान टिकट के दावेदार व पूर्व विधायक श्याद अली ने नारेबाजी व शिवाकांत को मंच से प्रत्याशी बताने पर आपत्ति जताई। आरोप है कि इस पर पूर्व मंत्री मंच पर ही पूर्व विधायक से भिड़ गए। उनके समर्थक श्याद अली के समर्थकों को मंच पर ही पीटने लगे। मंच पर ही असलहे लहराए जाते रहे। पूर्व विधायक से अभद्रता करते हुए उनके बेटे के साथ मारपीट की गई। टिकट के दावेदार बृजेश यादव को भी मंच पर ही घसीटकर पीटा गया। जिससे अफरा-तफरी मच गई। जान बचाने के लिए पूर्व विधायक श्याद अली मंच से कूद गए।
घटना की सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने किसी तरह मामला संभाला। पुलिस ने पूर्व विधायक श्याद अली के नाम की लाइसेंसी रिवॉल्वर उनके भतीजे के पास से जब्त कर ली। घटना के बाद श्याद अली गुट के लोगों ने रानीगंज थाने का घेराव करते हुए तहरीर दी। सपा नेता बृजेश यादव की तहरीर पर पुलिस ने पूर्व मंत्री शिवकांत ओझा, उनके बेटे पूर्व ब्लॉक प्रमुख पूर्णांशू ओझा और पप्पू मिश्रा समेत 53 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।
पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने बताया कि पूर्व विधायक श्याद अली के खिलाफ भी दूसरे को असलहा देने के मामले में कार्रवाई की जा रही है। उनका लाइसेंस निरस्त करने के लिए जिलाधिकारी के पास रिपोर्ट भेजी जा रही है। वीडियो फुटेज से असलहा लहराने व मारपीट करने वालों को चिह्नित कर कार्रवाई की जाएगी।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.