फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Pratapgarh News ›   rajaram was against of british with gandhi ji

महात्मा गांधी से मिलकर राजाराम किसान ने फूंका अंग्रेजों के खिलाफ बिगुल

Fri, 10 Aug 2018 11:48 PM IST
प्रतापगढ़ ब्यूरो
प्रतापगढ़ ब्यूरो Updated Fri, 10 Aug 2018 11:48 PM IST
विज्ञापन
देश की आजादी में जिले के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियाें का जिक्र पंडित राजाराम किसान का नाम जोड़े बिना पूरा नहीं हो सकता। राजाराम ने वर्धा में महात्मा गांधी से मिलने के बाद अंग्रेजों के खिलाफ देश की आजादी का बिगुल फूंका था। अंग्रेजाें को चुनौती देते हुए नमक सत्याग्रह और लगान बंदी आंदोलन की अगुवाई करने पर उन्हें जेल में ठूंस दिया गया। भारत छोड़ो आंदोलन में जिले के आजादी के दीवानाें का नेतृत्व करने पर नौ महीने काल कोठरी में गुजारनी पड़ी। अंग्रेजों के लाख जुल्म-ओ-सितम सहने और कई बार जेल जाने के बाद भी वह टूूटे नहीं और लोगों में आजादी की अलख जगाए रखी। आजादी की लड़ाई में उनके योगदान को देखते हुए पंडित जवाहरलाल नेहरू उनसे मिलने सांगीपुर आए थे।
विज्ञापन

जिले के सांगीपुर इलाके में स्थित छोटे से गांव देऊम पूरब में आठ नवंबर सन 1909 में पंडित राजाराम किसान का जन्म हुआ था। तब किसी ने यह नहीं सोचा था कि आगे चलकर यह बालक जिले में आजादी के आंदोलन की अगुवाई करेगा। 12 वर्ष की उम्र में ही इनके पिता सूर्यबली शुक्ल का निधन हो गया। इसके बाद परिवार की जिम्मेदारी इनके कंधे पर आ गई। लेकिन आजादी के  इस योद्धा का मन परिवार की देखरेख से अधिक अंग्रेजों के खिलाफ आंदोलन में अधिक लगने लगा। वह सरोजनी नायडू से बहुत प्रभावित थे। 1927 में वह पैदल ही सरोजनी नायडू से मिलने इलाहाबाद चल दिए। वहां मुलाकात के बाद सरोजनी का भाषण सुनने वाराणसी चले गए। उनके भाषण से वह इतने प्रभावित हुए कि उसी दिन आजादी की जंग लड़ने की ठान ली। इसके बाद किसान महाराष्ट्र के वर्धा जिले में महात्मा गांधी के आश्रम जाकर उनसे मुलाकात की। इसके बाद जब वह घर लौटे तो अंग्रेजाें के खिलाफ घूम-घूम कर लोगाें को आंदोलन के लिए प्रेरित करना शुरू किया। इसकी जानकारी होने पर वह अंग्रेजाें की आंखाें की किरकिरी बन गए। नमक के उत्पादन व वितरण में अंग्रेजाें का एकाधिकार खत्म करने के लिए गांधीजी ने जब नमक सत्याग्रह शुरू किया तो उनसे प्रेरणा लेकर राजाराम किसान ने सांगीपुर के रेहुआ लालगंज में नमक बनाना शुरू कर दिया। इसकी जानकारी होते ही अंग्रेजाें ने उन्हें जेल में ठूंस दिया। रायबरेली जेल से तीन महीने बाद जब वह जेल से रिहा हुए तो अंग्रेजाें के खिलाफ उन्होंने दोबारा आंदोलन शुरू कर दिया। इस समय अंग्रेजाें को लगान देने का विरोध शुरू हो गया था। जिले में उन्होंने आजादी के दीवानाें के साथ मिलकर लगान बंदी के आंदोलन शुरू कर दिया। इस पर राजाराम को एक बार फिर से जेल जाना पड़ा। 1931 से 1939 तक वह आजादी की लड़ाई लड़ने के चलते कई बार जेल गए। जेल में रहने के दौरान अंग्रेजाें के कहने पर तालुकेदाराें ने उनका घर फूंक दिया। मवेशियाें को जीवित ही कुएं में डाल दिया। जब वह जेल से छूटकर बाहर आए तो अंग्रेजाें भारत छोड़ा आंदोलन जोर पकड़ चुका था। उन्होंने अंग्रेजों के जुल्म-ओ-सितम के आगे झुकने के बजाए एक बार फिर भारत छोड़ो आंदोलन की कमान संभाल ली। सन 1942 में भारत छोड़ो आंदोलन की अगुवाई करने के चलते एक बार फिर उन्हें जेल की काल कोठरी में जाना पड़ा। नौ महीने तक उनको काल कोठरी में रखा गया। इस दौरान चौबीस घंटे के भीतर उनको सिर्फ एक बार खाना पानी मिलता था। जब वह रिहा हुए तो फिर आजादी का नारा बुलंद किया। इस दौरान पंडित जवाहरलाल नेहरू उनसे मिलने सांगीपुर आए। इसके बाद राजाराम ने अंग्रेजाें के खिलाफ आजादी की लड़ाई और तेज कर दी। आखिरकार 1947 में देश आजाद हुआ। इसके बाद राजाराम किसान रामपुर खास के पहले विधायक चुने गए। समाजसेवा के क्षेत्र में जीवन भर वह योगदान करते हुए 2013 में एक सौ चार वर्ष की उम्र में गोलोकवासी हुए।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed