Railway : इंटरसिटी एक्सप्रेस लेकर जा रहे चालक की तबीयत बिगड़ने के बाद मौत
नगर कोतवाली के परशुरामपुर गांव के गिरीशचंद्र शर्मा प्रतापगढ़ रेलवे स्टेशन पर मेल लोको पायलट थे। शुक्रवार को भोर में वह प्रतापगढ़ स्टेशन से इंटरसिटी एक्सप्रेस लेकर कानपुर के लिए रवाना हुए।
विस्तार
प्रतापगढ़ से इंटरसिटी एक्सप्रेस लेकर कानपुर जा रहे रेलवे स्टेशन के मेल लोको पायलट गिरीशचंद्र शर्मा (54) की शुक्रवार सुबह रायबरेली जिले में कासिमपुर हॉल्ट के पास अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। माना जा रहा है कि दिल का दौरा पड़ने के कारण उनका निधन हो गया। उन्हें एंबुलेंस से नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के चलते ट्रेन करीब घंटे भर खड़ी रही। बाद में रायबरेली से आए चालक ट्रेन आगे ले गए।
नगर कोतवाली के परशुरामपुर गांव के गिरीशचंद्र शर्मा प्रतापगढ़ रेलवे स्टेशन पर मेल लोको पायलट थे। शुक्रवार को भोर में वह प्रतापगढ़ स्टेशन से इंटरसिटी एक्सप्रेस लेकर कानपुर के लिए रवाना हुए। सुबह करीब साढ़े छह बजे ट्रेन रायबरेली जिले के कासिमपुर हॉल्ट पर खड़ी थी। इस दौरान गिरीशचंद्र इंजन की पाइप चेक करने के लिए नीचे उतरे। इस दौरान वह बेहोश होकर गिर पड़े।
यह देख सहायक लोको पायलट योगेश ने कंट्रोलरूम को सूचना देते हुए स्थानीय रेल कर्मचारियों की मदद से गिरीशचंद्र को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। ट्रेन चालक की मौत की खबर मिलते ही रेलवे के अधिकारियों में हड़कंप मच गया।
माना जा रहा है कि हार्ट अटैक के चलते उनकी मौत हुई । घटना के बाद करीब एक घंटे से अधिक समय तक ट्रेन स्टेशन पर रुकी रही। उसके पीछे यशवंतपुर एक्सप्रेस भी खड़ी थी। आननफानन में रायबरेली से दूसरे पायलट को भेजकर ट्रेन को कानपुर के लिए रवाना किया गया। सूचना मिलने पर पत्नी ममता, बेटा शुभम व सौरभ रायबरेली के लिए रवाना हो गए।
एसएस मोहम्मद शमीम ने बताया कि ड्राइवर गिरीशचंद्र इंटरसिटी एक्सप्रेस लेकर कानपुर जा रहे थे। कासिमपुर हॉल्ट पर अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी गई। जिससे उनकी मौत हो गई। निधन पर एसएस, एसएम,लोको लाबी, पायलट, गार्ड समेत सभी कर्मचारियों ने शोक जताया। देर शाम पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर घर पहुंचे। परिजन रोते बिलखते रहे।