Pratapgarh : शिवसत जंगल में लुटेरे से पुलिस की मुठभेड़, पैर में लगी गोली, तीन भागने में सफल
दिलीपपुर थाना क्षेत्र के शिवसत जंगल में बृहस्पतिवार भोर में लुटेरे व पुलिस के बीच मुठभेड़ होने का दावा किया जा रहा है। पुलिस की गोली से घायल बदमाश मान सिंह को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।
विस्तार
दिलीपपुर थाना क्षेत्र के शिवसत जंगल में बृहस्पतिवार भोर में लुटेरे व पुलिस के बीच मुठभेड़ होने का दावा किया जा रहा है। पुलिस की गोली से घायल बदमाश मान सिंह को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया और दोपहर बाद ही उसकी हालत ठीक बताकर चिकित्सकों ने छुट्टी दे दी। उसे न्यायालय में पेश किया गया है। रसोइयां निवासी शेर अली मवेशी कारोबारी है। मंगलवार दोपहर वह सड़क किनारे मवेशी चरा रहा था। इसी दौरान दो बाइकों से पहुंचे चार बदमाशों ने तमंचा सटाकर शेर अली से 25 हजार रुपये व मोबाइल लूट लिया और भाग निकले। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिये बदमाशों की तलाश कर रही थी।
पट्टी सीओ मनोज रघुवंशी ने बताया कि बृहस्पतिवार भोर में पुलिस टीम शहीद गेट शिवसत इंजीनियरिंग कॉलेज के पास संदिग्धों की चेकिंग कर रही थी। तभी बाइक सवार एक संदिग्ध को पुलिस टीम ने रोकने की कोशिश की। इस पर वह पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए बाइक छोड़कर जंगल की ओर भागा। पुलिस की जवाबी फायरिंग में नौहर हुसैनपुर के रहने वाले लुटेरे 32 वर्षीय मान सिंह के पैर में गोली लगी। तलाशी के दौरान उसके पास से लूट के 2200 रुपये बरामद हुए। शाम को उसे न्यायालय में पेश किया गया।
बाइक चलाते हुए फायरिंग करने को लेकर उठ रहा सवाल
दिलीपपुर पुलिस ने दावा किया है कि बाइक सवार बदमाश चेकिंग के दौरान रोकने पर पुलिस पार्टी पर फायरिंग करते हुए भागा। अब लोग सवाल कर रहे हैं कि जो आदमी बाइक चला रहा था, वह फायरिंग करते हुए कैसे भागा होगा। फिलहाल आसपास के लोग फायरिंग की आवाज सुनकर चोर आने के शक में दौड़े जरूर लेकिन पुलिस की गाड़ी देख अपने घरों को लौट गए।